ICC की सालाना रैंकिंग में भारत का दुनियाभर में राज :ODI और T20 दोनों में नंबर-1, PAK को बड़ा नुकसान

स्पोर्ट्स डेस्क। ICC की अपडेटेड सालाना टीम रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर दुनिया में जलवा बिखेरा है। टीम इंडिया ने वनडे (ODI) और टी20 इंटरनेशनल में टॉप पोजिशन बरकरार रखी है। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया अभी भी सबसे आगे है। सीमित ओवर के दोनों फॉर्मेट में भारत का टॉप पर बने रहना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
टी20 में भारत सबसे मजबूत टीम
टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में भारत 275 रेटिंग पॉइंट के साथ पहले स्थान पर है। लगातार अच्छे प्रदर्शन और टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया की पकड़ और मजबूत हुई है। इंग्लैंड 262 पॉइंट के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 258 पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है।
ODI में भी भारत नंबर-1
वनडे रैंकिंग में भी भारतीय टीम पहले स्थान पर बनी हुई है। भारत के पास 118 रेटिंग पॉइंट हैं। हालांकि टीम के एक पॉइंट कम हुए हैं, लेकिन फिर भी वह दूसरे नंबर की न्यूजीलैंड टीम से पांच पॉइंट आगे है। न्यूजीलैंड के 113 और ऑस्ट्रेलिया के 109 पॉइंट हैं।
इस रैंकिंग में साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ चौथा स्थान हासिल किया है। वहीं श्रीलंका छठे नंबर पर कायम है। अफगानिस्तान, इंग्लैंड, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज क्रमशः 7वें, 8वें, 9वें और 10वें स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें: ChatGPT से IPL की नकली टिकट बेच रहे थे... एंट्री गेट पर स्कैन कराया तो खुली पोल, 4 आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार
टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया 131 रेटिंग पॉइंट के साथ नंबर-1 पर बना हुआ है। साउथ अफ्रीका 119 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत ने एक स्थान की बढ़त हासिल करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। टीम इंडिया के 104 पॉइंट हैं।
इंग्लैंड अब चौथे नंबर पर पहुंच गया है। पाकिस्तान ने भी रैंकिंग में फायदा उठाया और श्रीलंका को पीछे छोड़ दिया। वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे क्रमशः 8वें, 9वें और 10वें स्थान पर हैं।
कैसे तैयार होती है ICC रैंकिंग?
ICC की सालाना रैंकिंग टीमों के पिछले कुछ सालों के प्रदर्शन के आधार पर बनाई जाती है। मई 2025 के बाद खेले गए मैचों को पूरा महत्व दिया गया है, जबकि उससे पहले के दो सालों के मुकाबलों को 50 प्रतिशत वेटेज मिला है। आने वाली सीरीज और ICC टूर्नामेंट्स के बाद इन रैंकिंग में बदलाव देखने को मिल सकता है।











