Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ICC Rankings : अभिषेक शर्मा बने नंबर-1 T20 बैटर, ऋषभ पंत को टेस्ट में बढ़त, जडेजा और बुमराह ने बरकरार रखी बादशाहत

- विराट और सूर्या के बाद टॉप रैंकिंग तक पहुंचे तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा, रूट और पंत ने टेस्ट में मचाया धमाल
ICC Rankings : अभिषेक शर्मा बने नंबर-1 T20 बैटर, ऋषभ पंत को टेस्ट में बढ़त, जडेजा और बुमराह ने बरकरार रखी बादशाहत
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। बुधवार को जारी हुई ICC की साप्ताहिक रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन से वैश्विक क्रिकेट में अपनी पकड़ मजबूत की है। T20 में भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने नई उपलब्धि हासिल करते हुए नंबर-1 बल्लेबाज की कुर्सी पर कब्जा जमाया है। वहीं टेस्ट फॉर्मेट में ऋषभ पंत एक स्थान की छलांग लगाकर सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं। ऑलराउंडर्स में रवींद्र जडेजा और गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह अपनी टॉप पोजिशन पर कायम हैं।

    अभिषेक शर्मा T20 में बने दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज

    भारत के युवा खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ICC T20 बैटिंग रैंकिंग में 829 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। वे विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के बाद T20 में नंबर-1 रैंकिंग तक पहुंचने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

    दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक ने पिछले सप्ताह कोई मुकाबला नहीं खेला, फिर भी उन्होंने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इसका कारण ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ट्रैविस हेड का वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवां T20 मैच न खेलना रहा, जिससे उनके अंक घटकर 814 रह गए और वे दूसरे स्थान पर खिसक गए।

    ऋषभ पंत ने टेस्ट रैंकिंग में मारी छलांग

    भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में एक स्थान का फायदा हुआ है। वे अब 776 अंकों के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। पंत ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में अर्धशतक लगाया था, वह भी चोटिल स्थिति में।

    वहीं, इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में 150 रनों की शानदार पारी खेलकर टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में पहला स्थान बरकरार रखा है। इस पारी के साथ रूट रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़कर टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। भारत के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को तीन स्थान का नुकसान हुआ है और वे आठवें पायदान पर आ गए हैं।

    जडेजा 177 हफ्तों से बने हुए हैं नंबर-1 ऑलराउंडर

    भारतीय स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का जलवा ऑलराउंडर रैंकिंग में लगातार बरकरार है। वे 422 अंकों के साथ लगातार 177वें सप्ताह भी नंबर-1 ऑलराउंडर बने हुए हैं। मैनचेस्टर टेस्ट में नाबाद 107 रन की पारी खेलने के बाद जडेजा की स्थिति और मजबूत हुई है।

    इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को इस सूची में तीन स्थान का फायदा हुआ है और वे अब 301 अंकों के साथ ऊपर आए हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर और ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस को एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है।

    बुमराह ने फिर से साबित किया दबदबा 

    भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ICC टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर बने हुए हैं। इस हफ्ते टॉप-10 गेंदबाजों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बुमराह की निरंतरता और घातक गेंदबाजी उन्हें इस पोजिशन पर बरकरार रखे हुए है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts