Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा : हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर बस में लगी आग, 20 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत; कई झुलसे

आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा : हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर बस में लगी आग, 20 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत; कई झुलसे
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    कुर्नूल। आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में चिन्नाटेकुर के पास एक भीषण हादसा हो गया। यहां एक प्राइवेट बस में आग लगने से 20 यात्री जिंदा जल गए। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह आंकड़ा 25 बताया जा रहा है। आग लगने के बाद लोग बस से बाहर नहीं निकल पाए और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई। बस में 40 यात्री सवार थे, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। 

    कैसे हुआ हादसा

    कावेरी ट्रैवल्स की एक प्राइवेट स्लीपर बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी। उसी दौरान शुक्रवार (24 अक्टूबर) सुबह करीब 3:30 बजे NH-44 पर बस की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बस के नीचे फंस गई और फ्यूल टैंक से टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे बस में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जल उठी और यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

    जिंदा जले 20 यात्री

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में कम से कम 20 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह संख्या 25 तक बताई जा रही है। बस में करीब 40 लोग सवार थे, जिनमें से 19 लोग खिड़कियां तोड़कर बाहर कूद गए। वहीं झुलसे हुए यात्रियों को कुर्नूल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, कई शव पूरी तरह जल चुके हैं। जिसकी वजह से उनकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है।

    शॉर्ट सर्किट से जाम हुआ दरवाजा

    कुर्नूल रेंज के DIG कोया प्रवीण ने बताया कि, आग लगने के बाद बस में शॉर्ट सर्किट हुआ। जिसका वजह से दरवाजा लॉक हो गया। लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। बस में सवार ज्यादातर यात्री 25 से 35 साल की आयु के थे।

    कलेक्टर ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

    हादसे के तुरंत बाद कुर्नूल जिला कलेक्टर डॉ. ए. सिरी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और पीड़ितों के परिवारों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए-

    कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम: 08518-277305

    सरकारी अस्पताल कुर्नूल: 9121101059

    स्पॉट कंट्रोल रूम: 9121101061

    पुलिस कंट्रोल रूम: 9121101075

    जीजीएच हेल्प डेस्क: 9494609814, 9052951010

    PM मोदी और CM चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए एक्स (Twitter) पर लिखा, कुर्नूल का हादसा बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। पीएम ने पीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

    Twitter Post

    वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, यह हादसा हृदयविदारक है। राज्य सरकार हर संभव मदद प्रदान करेगी। उन्होंने मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

    राजस्थान में हुआ था ऐसा ही हादसा

    यह हादसा 14 अक्टूबर को राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर हुए दर्दनाक बस हादसे की याद दिलाता है, जिसमें 22 यात्री जिंदा जल गए थे। उस हादसे में भी एसी स्लीपर बस में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, जिससे बस का गेट लॉक हो गया और यात्री बाहर नहीं निकल पाए थे।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts