Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

देपालपुर में विदेशी पर धर्मांतरण की साजिश का आरोप, हिंदू जागरण मंच ने पकड़ा अमेरिकी नागरिक

आदिवासी भील समाज को ईसाई धर्म अपनाने के लिए कथित प्रलोभन देने का आरोप, ट्रांसलेटर सहित पुलिस जांच शुरू
देपालपुर में विदेशी पर धर्मांतरण की साजिश का आरोप, हिंदू जागरण मंच ने पकड़ा अमेरिकी नागरिक
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर। जिले के देपालपुर क्षेत्र में एक विदेशी नागरिक पर आदिवासी समाज के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप सामने आया है। इस मामले में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने एक विदेशी नागरिक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी विदेशी नागरिक अमेरिका का रहने वाला है।

    आदिवासी समाज से संपर्क का आरोप
    जानकारी के अनुसार 5 मार्च को अमेरिका निवासी एडम देपालपुर क्षेत्र में आया था। उसके साथ ट्रांसलेटर के रूप में सुनील नामक व्यक्ति भी मौजूद था, जो बातचीत का अनुवाद कर रहा था। आरोप है कि दोनों ने क्षेत्र में रहने वाले भील समाज के लोगों से संपर्क किया और उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देने की बात कही।

    स्थानीय लोगों से इसकी जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने संबंधित व्यक्तियों को दोबारा बुलाने की योजना बनाई। करीब चार दिन बाद अमेरिका का ही एक अन्य व्यक्ति इवन, सुनील के साथ फिर देपालपुर पहुंचा। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक आदिवासी परिवार से मुलाकात के दौरान फिर धर्म परिवर्तन से जुड़ी चर्चा की गई और वीडियो कॉल के माध्यम से पहले आए विदेशी नागरिक से भी बातचीत कराई गई।

    रिकॉर्डिंग होने का दावा
    हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का कहना है कि बातचीत के दौरान हुई चर्चाओं की ध्वनि रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। उनका आरोप है कि बातचीत के दौरान आदिवासी समाज के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए समझाने का प्रयास किया गया।

    मामले की जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ता सुनील को अपने साथ पुलिस थाने ले गए। इस संबंध में विशाल पिता पूनमचंद मुनिया निवासी अयोध्या बस्ती और जितेंद्र पिता अमरसिंह मंडलोई निवासी वार्ड क्रमांक 8 ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की है।

    पर्यटक वीजा पर आया था विदेशी
    थाना प्रभारी रणजीतसिंह बघेल ने बताया कि संबंधित विदेशी नागरिक पर्यटक वीजा पर भारत आया था। उसने पुलिस को बताया है कि वह आदिवासी समाज के एक गोत्र के बारे में जानकारी लेने के उद्देश्य से क्षेत्र में आया था। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts