Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर, 5 की मौत, 50 से ज्यादा लापता, इमरजेंसी नंबर जारी

हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर, 5 की मौत, 50 से ज्यादा लापता, इमरजेंसी नंबर जारी
शिमला/मंडी। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। बादल फटने की कई घटनाओं में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 50 से ज्यादा लोग लापता हैं। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए गुरुवार को बताया कि बारिश के कारण कई मकान, पुल और सड़कें बह गई हैं। राज्य आपात अभियान केंद्र ने बताया कि कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाना इलाकों, मंडी के पधर और शिमला जिले के रामपुर में बादल फटे। स्थानीय मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ अति भारी बारिश और बिजली गिरने का ‘रेड अलर्ट' जारी किया है।

श्रीखंड महादेव के पास बादल फटा

शिमला के एसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि बुधवार रात को श्रीखंड महादेव के पास बादल फटने से सरपारा, गानवी और कुर्बन नालों में अचानक बाढ़ आ गई, जिसके परिणामस्वरूप शिमला में रामपुर उपमंडल के समेज खुड (नाला) में जलस्तर बढ़ने से दो लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य लापता हो गए। शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि चार लोगों को घटनास्थल से बचा लिया गया। सड़कों के बह जाने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया है। देखें VIDEO - https://x.com/psamachar1/status/1818866870188949867 सभी शैक्षणिक संस्थानों और स्कूलों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। NDRF, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, पुलिस और होम गार्ड ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है और लापता लोगों की तलाश के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

मंडी में मकान क्षतिग्रस्त

अधिकारियों ने बताया कि मंडी जिले में पधर उपमंडल के तेरांग के पास राजबन गांव में बुधवार रात को बादल फटने की एक अन्य घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग लापता हो गए। दो मकान भी बह गए, जबकि एक अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, चंडी देवी (75) और चैत्री देवी (90) के शव बरामद किए गए हैं और एक घायल व्यक्ति (25 वर्षीय राम सिंह) को बचा लिया गया।

कुल्लू में बादल फटने से कई मकान बहे

कुल्लू जिले में बादल फटने की एक अन्य घटना में सात लोग लापता हो गए। कुल्लू की उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने बताया कि, कुल्लू जिले के निरमंड मंडल के भागीपुल इलाके में करीब 8-9 मकान बह गए हैं। CISF और विशेष होम गार्ड को लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शिमला जिले की सीमा पर समेज में तीन लोग लापता हैं और तीन-चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मलाना बांध के भी टूटने की सूचना है, लेकिन स्थिति अभी नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग मलाना-1 जल विद्युत परियोजना में फंसे हुए हैं। वे भूमिगत इमारतों में हैं और सुरक्षित हैं और एनडीआरएफ और होम गार्ड के दल उन्हें बाहर निकालने के प्रयास कर रहे हैं।

गृह मंत्री ने CM सुखविंदर से की बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और राज्य में बादल फटने से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। शाह ने इस स्थिति में मुख्यमंत्री को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। इस मामले पर आपात बैठक करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुक्खू ने कहा कि बुधवार रात से शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में व्यापक नुकसान पहुंचा है और करीब 50 लोग लापता हैं तथा मनाली का सड़क संपर्क टूट गया है। सुक्खू ने कहा कि आपदा निगरानी के लिए राज्य में 13 स्थानों पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र भी स्थापित किए गए हैं और जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने और अस्थायी पुल (बेली ब्रिज) बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में परिवहन गतिविधियों को संचालित करने के लिए पुलिस को पांच परिवहन ड्रोन उपलब्ध करवाए जाएंगे और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को 50 जनरेटर दिए जाएंगे। उन्होंने लोगों से एहतियाती कदम उठाने और नदियों के पास नहीं जाने का आग्रह किया।

अलग-अलग जिलों के लिए इमरजेंसी नंबर जारी

ये भी पढ़ें- Pooja Khedkar की मुश्किलें बढ़ीं, दिल्ली की कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका की खारिज
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts