PlayBreaking News

हाथरस में भगदड़ की घटना : लोकसभा में PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख, पीड़ितों को हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

Follow on Google News
हाथरस में भगदड़ की घटना : लोकसभा में PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख, पीड़ितों को हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक सत्संग समारोह के दौरान भगदड़ मचने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत पर दुख जताते हुए पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा के जवाब के दौरान कहा, ‘‘चर्चा के बीच मुझे अभी एक दुखद खबर दी गई है। उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक कार्यक्रम में भगदड़ मचने से कई लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना आ रही है। मैं मृतकों के प्रति अपनी संवेदना (शोक) व्यक्त करता हूं। मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।''

उत्तर प्रदेश सरकार के लगातार संपर्क में है

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार की देखरेख में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेश सरकार के लगातार संपर्क में है। मैं इस सदन के माध्यम से सभी को भरोसा दिलाता हूं कि पीड़ितों को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। https://x.com/psamachar1/status/1808126403855917091

प्रदेश सरकार में मंत्री रवाना : सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, "जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है। ADG, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

इन नेताओं ने भी जताया दुख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, "उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह पीड़ा सहने की शक्ति दे। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के हाथरस के सत्संग में भगदड़ मच जाने से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद पीड़ादायक है। हादसे के दृश्य अत्यंत हृदयविदारक हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। सरकार एवं प्रशासन से आग्रह करते हैं कि घायलों के उपचार में कोई कमी न रखें व पीड़ितों को त्वरित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।'' लोकसभा में नेता प्रतिक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।'' उनका कहना था, ‘‘सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों को हर संभव उपचार एवं पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएं। ‘इंडिया' के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत और बचाव में अपना सहयोग प्रदान करें।'' रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा: "उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है।" मध्य प्रदेश की सीएम डॉ. मोहन यादव ने ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ''उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में कई लोगों की असामयिक मृत्यु एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्य आत्मा को मोक्ष प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ।।ॐ शांति।।" कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘हाथरस, उत्तर प्रदेश में सत्संग के दौरान भगदड़ की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा देने एवं घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।''

हादसे में 50-60 लोगों की मौत

हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में आयोजित एक सत्संग में मंगलवार को भगदड़ मच गई, जिसमें 50-60 लोगों की मौत हो गई व बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। जबकि आशंका जताई जा रही है कि भगदड़ में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे शामिल है। ये भी पढ़ें- UP के हाथरस में हादसा : सत्संग में मची भगदड़, 50-60 लोगों की मौत; अस्पताल के बाहर पड़ी लाशें
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts