Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Gwalior Cyber Crime: मोबाइल अचानक रीसेट हुआ, खाते से उड़ गए 98 हजार रुपये; UPI से दूसरे खाते में ट्रांसफर

ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां होटल रिसेप्शनिस्ट के बैंक खाते से 98 हजार रुपये यूपीआई के जरिए दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए।
Gwalior Cyber Crime: मोबाइल अचानक रीसेट हुआ, खाते से उड़ गए 98 हजार रुपये; UPI से दूसरे खाते में ट्रांसफर
होटल रिसेप्शनिस्ट के बैंक खाते में साइबर ठगी, बिना अनुमति यूपीआई से निकाली रकम

ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां होटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करने वाले 25 वर्षीय युवक के बैंक खाते से 98 हजार रुपये यूपीआई के जरिए दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए। युवक के मुताबिक उसने न तो कोई यूपीआई लेनदेन किया था और न ही किसी व्यक्ति को रकम ट्रांसफर करने की अनुमति दी थी। घटना के बाद मुरार थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल अचानक चला गया रीसेट मोड में

पंछी नगर, खुरैरी बड़ागांव निवासी विकास दंडोतिया (25) फूलबाग स्थित होटल गोल्डन इन में रिसेप्शनिस्ट है। पुलिस को दी शिकायत में विकास ने बताया कि 24 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी से लौटने के बाद वह घर पहुंचा और सो गया। दोपहर करीब 3 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसने अपना मोबाइल देखा। विकास के अनुसार मोबाइल फोन अपने आप रीसेट मोड में चला गया था। कुछ देर बाद मोबाइल सामान्य स्थिति में आया, जिसके बाद उसने फोन चेक किया।

बैंक बैलेंस देखा तो उड़ गए होश

मोबाइल सामान्य होने के बाद विकास ने फोन-पे के जरिए अपने बैंक ऑफ इंडिया खाते का बैलेंस चेक किया। खाते में करीब 98 हजार रुपये कम देखकर वह हैरान रह गया। इसके बाद उसने बैंक पहुंचकर खाते से हुए लेनदेन की जानकारी ली। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार खाते से पूरी रकम यूपीआई के माध्यम से संजय नारायण गुप्ता के खाते में ट्रांसफर हुई थी। विकास का कहना है कि उसने यह लेनदेन नहीं किया और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपने खाते से यूपीआई के जरिए पैसे भेजने की अनुमति दी थी।

मोबाइल रीसेट और यूपीआई ट्रांजैक्शन की जांच

रकम गायब होने के बाद विकास ने मुरार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है पुलिस अब उस बैंक खाते की जानकारी जुटा रही है, जिसमें 98 हजार रुपये ट्रांसफर हुए। इसके साथ ही मोबाइल के अचानक रीसेट होने और उसके बाद हुए यूपीआई लेनदेन के बीच संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है।

साइबर ठगी का तरीका जानने में जुटी पुलिस

मुरार पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के बैंक खाते से रकम किस तरीके से ट्रांसफर हुई। जांच में मोबाइल, बैंक खाते और यूपीआई लेनदेन से जुड़े तकनीकी पहलुओं को भी देखा जा रहा है। मुरार टीआई मैना पटेल के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिस खाते में रकम ट्रांसफर हुई है, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ambrish Anand
By Ambrish Anand

Latest Posts