Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सलमान खान से करीबी बनी वजह?गुरु रंधावा के जिम फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, लॉरेंस गैंग से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार

पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के पश्चिम विहार स्थित फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं और अमेरिका में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित के इशारे पर काम कर रहे थे। 
गुरु रंधावा के जिम फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, लॉरेंस गैंग से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार

एंटरनेटमेंट डेस्क। पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के पश्चिम विहार स्थित फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान और तुषार उर्फ ताशू उर्फ पिंकू के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं और अमेरिका में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित के निर्देश पर काम कर रहे थे। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

11 जून को हुई थी फायरिंग

जानकारी के अनुसार 11 जून की सुबह करीब 4 बजे बाइक पर सवार कुछ बदमाश पश्चिम विहार स्थित गुरु रंधावा के फिटनेस जिम के बाहर पहुंचे थे। वहां उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस को घटनास्थल से सात खाली कारतूस बरामद हुए थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सोशल मीडिया पोस्ट में ली गई थी जिम्मेदारी

फायरिंग की घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी। इस पोस्ट में अनिल पंडित नाम के व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस का कहना है कि अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और फिलहाल अमेरिका में रहकर गैंग का संचालन कर रहा है।

पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि गुरु रंधावा को पहले भी चेतावनी दी गई थी। साथ ही यह कहा गया था कि अभिनेता सलमान खान के करीबी होने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि पुलिस अभी इन दावों की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें: 'बहुत दर्द में हूं...'! गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं सोनू निगम, हेल्थ अपडेट सुन भावुक हुए फैंस

जांच में सामने आए कई नाम

पुलिस जांच के दौरान साहिल, सागर, अरमान और तुषार नाम के लोगों की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर अरमान और तुषार को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने फायरिंग की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात की पूरी साजिश किसने रची और इसमें कितने लोग शामिल थे।

हथियार की तलाश में जुटी पुलिस

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लिया है। उनसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

सलमान खान भी गैंग के निशाने पर

गौरतलब है कि बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर रहे हैं। काला हिरण शिकार मामले को लेकर बिश्नोई समाज की नाराजगी की बात सामने आती रही है। पिछले कुछ वर्षों में सलमान खान को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। इतना ही नहीं, मुंबई स्थित उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी फायरिंग की घटना हो चुकी है। इस मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था।

यह भी पढ़ें: 'ये सिर्फ ट्रेलर है...' सिंगर गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद बढ़ी चिंता

सलमान खान के करीबी दोस्त और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं। अब गुरु रंधावा के जिम पर हुई फायरिंग की घटना को भी उसी गैंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts