Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में युवक की की संदिग्ध मौत के 7 दिन बाद खुला राज, पंचायत में पत्नी बोली- मैंने ही उसे मारा, प्रेम-प्रसंग की आशंका पर गहराया संदेह

गुना में युवक की की संदिग्ध मौत के 7 दिन बाद खुला राज, पंचायत में पत्नी बोली- मैंने ही उसे मारा, प्रेम-प्रसंग की आशंका पर गहराया संदेह
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुना। जिले के मधुसूदनगढ़ क्षेत्र के बंजारी बर्री गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के सात दिन बाद उसकी पत्नी ने समाज की पंचायत में स्वीकार कर लिया कि उसने ही अपने पति की हत्या की है। इस स्वीकारोक्ति के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।

    पोस्टमार्टम न कराने पर बढ़ा शक

    21 अगस्त को 41 वर्षीय कैलाश बंजारा की अचानक मौत हो गई थी। उसकी पत्नी सम्पो बाई ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके चलते परिजनों ने तुरंत अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन मृतक के गले पर रस्सी जैसे निशान नजर आए। यह निशान परिवार और समाज के लोगों के बीच संदेह का कारण बन गए। लोग सोच में पड़ गए कि कहीं इस मौत के पीछे कोई रहस्य तो नहीं छिपा।

    Twitter Post

    पंचायत में महिला का कबूलनामा

    संदेह बढऩे पर गांव में बुधवार को समाज की एक बड़ी पंचायत बुलाई गई। इसमें मृतक के परिजन और आरोपी पत्नी दोनों मौजूद रहे। पंचायत के सामने पूछताछ के दौरान सम्पो बाई ने सभी को हैरान कर दिया। उसने साफ शब्दों में कहा कि उसके पति की मौत दुर्घटना या बीमारी से नहीं हुई बल्कि उसने ही उसकी हत्या की है। महिला ने यह भी बताया कि उसका पति शराब के नशे में आए दिन उससे मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

    प्रेम-प्रसंग और साजिश की नई कड़ी

    पंचायत में कैलाश के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सम्पो बाई का प्रदीप शर्मा नामक युवक से करीबी संबंध था। यही नहीं, बताया गया कि प्रदीप शर्मा के खेत में दंपती मजदूरी भी करते थे। परिजनों ने महिला के मोबाइल कॉल डिटेल्स भी सामने रखीं, जिनमें प्रदीप शर्मा से लंबे-लंबे समय तक हुई बातचीत का जिक्र है। कॉल की संख्या भी सैकड़ों में बताई गई। इससे यह शक और गहरा गया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और साजिश की कड़ी छिपी हो सकती है।

    गोली और गला दबाने का संदेह

    समाज की चर्चा में यह आशंका भी सामने आई कि पहले कैलाश को गोली दी गई होगी और उसके बाद पक्का करने के लिए गला दबाया गया। मृतक के गले पर मिले निशान इस ओर इशारा करते हैं कि उसकी मौत सामान्य नहीं थी।

    पुलिस को सौंपा आवेदन

    पंचायत में खुलासे के बाद मृतक के परिजन आरोपी सम्पो बाई को थाने ले गए। बुधवार देर शाम वे मधुसूदनगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस को आवेदन सौंपा। हालांकि अभी तक महिला की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं की गई है। थाना प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है, क्योंकि मौत के कई दिन बाद इसकी जानकारी पुलिस तक पहुंची है और शव का अंतिम संस्कार भी पहले ही किया जा चुका है।

    पुलिस अब सभी पक्षों से बयान ले रही है और कानूनी सलाह के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस पूरे मामले ने गांव से लेकर जिले तक हलचल मचा दी है। एक ओर महिला का कबूलनामा सामने है, तो दूसरी ओर प्रेम प्रसंग और साजिश की आशंका।

    (रिपोर्ट - राजकुमार रजक)

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts