गुना में रोजगार सहायक के घर करोड़ों की डकैती,सोना-चांदी, नकदी और बाइक लूट ले गए हथियारबंद बदमाश

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के चक चुरेला गांव में हथियारबंद बदमाशों ने रोजगार सहायक पवन मीणा के घर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर के ताले और खिड़कियां तोड़कर अंदर घुसे, परिवार के लोगों को कमरे में बंद कर दिया और फरियादी के मुताबिक करोड़ों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मंदिर में रखी रकम, मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देर रात घर में घुसे हथियारबंद बदमाश
जानकारी के मुताबिक, करीब 10 से 12 हथियारबंद बदमाश रोजगार सहायक पवन मीणा के घर पहुंचे। बदमाशों ने पहले घर के मुख्य दरवाजे, ताले और खिड़कियां तोड़ीं। इसके बाद वे घर के अंदर दाखिल हो गए। फरियादी पवन मीणा ने बताया कि घटना रात की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के एक कमरे में सो रहे थे। बदमाशों ने जिस कमरे में परिवार मौजूद था, उसकी बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि कोई बाहर निकलकर उनका विरोध न कर सके। इसके बाद बदमाश आराम से पूरे घर में सामान खंगालते रहे।
जेवर, नकदी और बाइक लेकर फरार हुए बदमाश
पवन मीणा के अनुसार, बदमाश घर में रखे करीब ढाई किलो सोने के जेवर, करीब 6 किलो चांदी, 11 लाख रुपए नकद, मंदिर में रखी करीब 6 लाख रुपए की नकदी, घर में रखे करीब 5 लाख रुपए और एक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल अपने साथ ले गए। इसके अलावा घर में रखा अन्य कीमती सामान भी बदमाश उठा ले गए। फरियादी ने पुलिस को दी शिकायत में पूरी घटना की जानकारी दी है। पुलिस अब शिकायत के आधार पर लूटे गए सामान का विवरण तैयार कर रही है और मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
घटना के बाद गांव में फैली दहशत
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इलाके में इस तरह की वारदात के बाद लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बालाघाट में बाघ का आतंक: महिला को मार डाला, घर से 300 मीटर तक घसीटा
फतेहगढ़ थाना पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि बदमाशों तक जल्द पहुंचा जा सके।
Edited By- Sona Rajput












