शाहपुर में जिला स्तरीय जन विश्वास शिविर, दिव्यांग को स्वरोजगार के लिए दी 10 हजार रुपए की सहायता
गुना। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राघौगढ़ विकासखंड के ग्राम शाहपुर स्थित पंचायत भवन में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्रीमती प्रियंका पेची, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक हितिका वासल की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की गई।
प्राकृतिक एवं आधुनिकखेती अपनाने के लिए प्रेरित किया
शिविर में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने दिव्यांग आवेदक प्रेम सिंह मीना को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, गांवों में स्वच्छता बनाए रखने तथा प्राकृतिक एवं आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कंप्यूटर संबंधी काम शुरू करना चाहते हैं प्रेम
शिविर में दिव्यांग आवेदक प्रेम सिंह मीना ने बताया कि वे शिक्षित हैं और कंप्यूटर से संबंधित कार्य शुरू कर अपना रोजगार स्थापित करना चाहते हैं। इस पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने उन्हें 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। कलेक्टर ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे छोटे स्तर से अपना काम शुरू करें और धीरे-धीरे उसका विस्तार करें। साथ ही स्वरोजगार के साथ आगे की पढ़ाई जारी रखने और कोचिंग संचालन जैसे विकल्पों पर भी विचार करने की सलाह दी।
ये भी पढ़ें: अब फाइलों से नहीं चलेगा काम! हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंचेगी मोहन सरकार
गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रही सरकार : विधायक
विधायक प्रियंका पेची ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि सरकार स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है। महिलाओं, किसानों, युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
खेती से आय बढ़ाने के विकल्प तलाशें
जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ ने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ रखने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने किसानों को जैविक एवं आधुनिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। वहीं, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जिले के अनेक किसान प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि उपकरणों और उद्यानिकी के माध्यम से बेहतर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने, नई तकनीकों का उपयोग करने तथा परंपरागत खेती के साथ आय बढ़ाने के नए विकल्प तलाशने की अपील की
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर में राजस्व विभाग के अंतर्गत बंटवारा, फौती नामांतरण एवं नक्शा बटांकन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया गया। सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को मुद्रा ऋण एवं सीसीएल ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। खाद्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों की नवीन राशन पर्चियां भी बनाई गईं।
ये भी पढ़ें: जनता के द्वार पहुंचा प्रशासन: जाजनखेड़ी-धामंदा में शिविर, कलेक्टर-एसपी ने सुनीं समस्याएं, अफसरों को दिए निर्देश
उद्योग संवाद में उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा
शिविर के दौरान उद्योग संवाद का भी आयोजन किया गया। इसमें सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं बड़े उद्योगों तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की गतिविधियों, अनुभवों और समस्याओं पर चर्चा की गई। उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए शासन की योजनाओं और उपलब्ध सहायता की जानकारी देने पर जोर दिया गया।























