Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना IDBI बैंक में FD से छेड़छाड़ के आरोप, हादसों में बेटों को खो चुके परिवारों का पैसा गायब

सतना की IDBI बैंक शाखा में दो परिवारों की FD में कथित गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। हादसों में बेटों को खोने वाले परिवारों के मुआवजे की रकम से जुड़े मामलों में कलेक्टर के निर्देश पर जांच शुरू हुई है।
सतना IDBI बैंक में FD से छेड़छाड़ के आरोप, हादसों में बेटों को खो चुके परिवारों का पैसा गायब

सतना। मध्य प्रदेश के सतना स्थित राजेंद्र नगर की IDBI बैंक शाखा में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के दो मामले सामने आए हैं। आरोप है कि सड़क और रेल दुर्घटनाओं में अपने बेटों को खोने वाले दो परिवारों को कोर्ट के आदेश पर मिले मुआवजे की रकम से बनाई गई FD में गड़बड़ी हुई है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

रेल हादसे में बेटे की मौत के बाद कराई FD गायब होने का आरोप

पहला मामला उचेहरा निवासी ममता चौधरी और लल्लूलाल चौधरी से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, रेल हादसे में बेटे नीरज की मौत के बाद ममता चौधरी के नाम पर 3.90 लाख रुपए की FD कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि अब यह FD बैंक रिकॉर्ड में नहीं मिल रही है। परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में बैंक की ओर से FD को फर्जी बताया गया, जबकि बाद में खाता बंद कर रकम निकाले जाने की बात सामने आई। परिवार ने मामले की जांच कर अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

सड़क हादसे में मिले मुआवजे की FD में भी गड़बड़ी का आरोप

दूसरा मामला नागौद निवासी खुशीराम बागरी का है। उनके बेटे देव की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मिले 10.17 लाख रुपए की FD को लेकर अनियमितता का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, मूल खाते का रिकॉर्ड गायब होने और कम ब्याज दर पर नई FD खोले जाने से उन्हें करीब 60 से 70 हजार रुपए का नुकसान हुआ। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Breaking News

कलेक्टर के निर्देश पर जांच शुरू

जानकारी के अनुसार, बैंक में पहले भी इस तरह की शिकायत सामने आई थी, जिसे कथित तौर पर लिपिकीय त्रुटि बताया गया था। मौजूदा मामलों के सामने आने के बाद शाखा प्रबंधक कपिल अहिरवार समेत बैंक स्टाफ में बदलाव की चर्चा भी है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित परिवारों ने पूरी राशि वापस दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

सतना के CSP मनीष त्रिपाठी के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों के विस्तृत बयान दर्ज किए गए हैं। बयानों और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लीड बैंक मैनेजर (LDM) गौतम शर्मा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है। बैंक प्रबंधन से जवाब और विस्तृत प्रतिवेदन मांगा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts