गौहरगंज रेप केस में तनाव :प्रदर्शन के दौरान पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; आरोपी सलमान अब भी फरार

रायसेन के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान की गिरफ्तारी न होने पर सकल हिंदू समाज का शांतिपूर्ण प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ पर आंसू गैस के गोले छोड़े। क्षेत्र में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं और 6 जिलों की पुलिस सहित 500 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। आरोपी अब भी फरार है।
प्रदर्शन के दौरान पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; आरोपी सलमान अब भी फरार
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायसेन। 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान उर्फ नजर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गौहरगंज में बुधवार को भारी तनाव भड़क गया। सकल हिंदू समाज के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई और कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल क्षेत्र में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं और पुलिस के 500 से अधिक जवान इलाके में तैनात हैं।

    Twitter Post

    पथराव के बाद क्षेत्र में भारी बल तैनात

    गौहरगंज में आरोपी सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोग स्कूल ग्राउंड में जमा हुए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद जब लोग लौट रहे थे, तभी कुछ युवक मुस्लिम बावली बस्ती की तरफ बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और हल्का लाठीचार्ज किया। इसके बाद युवक आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद उपद्रवी भाग निकले। DIG प्रशांत खरे ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

    6 जिलों की पुलिस तैनात

    पथराव के बाद गौहरगंज की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। लोग घरों में बंद हैं और बाजार बंद पड़े हैं। 6 जिलों की पुलिस, QRF और वरिष्ठ अधिकारी लगातार इलाके में गश्त कर रहे हैं। 500 से अधिक जवान हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

    आरोपी सलमान अब भी फरार, सर्च ऑपरेशन जारी

    शुक्रवार को 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाला आरोपी सलमान उर्फ नजर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। इसी को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

    Twitter Post

    प्रदर्शन में उग्र चेतावनियां, किन्नर समाज ने भी जताया गुस्सा

    स्कूल ग्राउंड में हुए धरने में किन्नर समाज और बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। किन्नर समाज ने खुले मंच से कहा कि आरोपी को उनके हवाले किया जाए, वे उसे "किन्नर बना देंगे"। वहीं महिलाओं ने आरोपी को जिंदा जलाने की मांग उठाई। मंच से वक्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यह अंतिम नोटिस है। अगर आरोपी जल्द नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन उग्र होगा।

    सीहोर में बंद, नर्मदापुरम में चक्का जाम

    गौहरगंज की इस घटना का असर आसपास के जिलों में भी दिखा। सीहोर में सर्व हिंदू समाज द्वारा बुलाए गए बंद का व्यापक असर रहा। बाजार, मंडी और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में दोपहर तक पूरी तरह बंद रहा। नर्मदापुरम में भी सकल हिंदू समाज ने एसपी ऑफिस चौराहे पर चक्का जाम कर विरोध जताया।

    जीतू पटवारी ने कहा- कानून-व्यवस्था खत्म

    मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल एम्स जाकर बच्ची और उसके परिवार से मुलाकात की। पटवारी ने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून-व्यवस्था की असल तस्वीर दिखाती हैं। उन्होंने कहा- “यह कृत्य करने वाला इंसान नहीं, राक्षस है। मध्यप्रदेश में बेटियां भगवान भरोसे हैं। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।”

    Twitter Post

    स्कूल ग्राउंड में सुबह से जुटी भीड़, फांसी की मांग तेज

    गौहरगंज में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे। उनकी एक ही मांग थी-आरोपी सलमान की गिरफ्तारी और उसे फांसी की सजा। हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने चेतावनी दी है कि अगर 5 दिन के भीतर आरोपी नहीं पकड़ा गया तो भोपाल बंद किया जाएगा।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts