Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बाढ़ से प्रभावित UPSC अभ्यर्थी पूनम पटेल को मिली बड़ी राहत, सीएम ने दी पुस्तकें और नया टेबलेट

बाढ़ से प्रभावित UPSC अभ्यर्थी पूनम पटेल को मिली बड़ी राहत, सीएम ने दी पुस्तकें और नया टेबलेट
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर दंतेवाड़ा जिले की रहने वाली पूनम पटेल की यूपीएससी की तैयारी अब निर्बाध रूप से जारी रहेगी। हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित होकर पूनम का परिवार राहत शिविर में रह रहा है और उनकी पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया था। लेकिन मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और निर्देशों के चलते पूनम को प्रशासन ने नया टैबलेट और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराई हैं।

    तीन साल से कर रही हैं UPSC की तैयारी

    दंतेवाड़ा के चूड़ीटिकरा पारा वार्ड की रहने वाली पूनम पटेल पिछले तीन वर्षों से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना है कि वह प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज और क्षेत्र की सेवा करें। लेकिन बाढ़ ने उनके इस सफर में बड़ी बाधा खड़ी कर दी थी।

    बाढ़ में बह गया घर और पढ़ाई का सामान

    हाल ही में दंतेवाड़ा में आई बाढ़ से पूनम का घर क्षतिग्रस्त हो गया। घर का अधिकांश सामान बह गया, जिसमें उनकी तैयारी की सभी पुस्तकें और टैबलेट भी शामिल थे। पूनम ने बताया कि उनके पिता संतोष पटेल किराना दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और बड़ी मुश्किल से उन्होंने बेटी की पढ़ाई के लिए टैबलेट खरीदा था। बाढ़ में सब कुछ नष्ट होने से पूनम की तैयारी रुकने की कगार पर थी और वे बेहद चिंतित थीं।

    मुख्यमंत्री ने की मुलाकात

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को दंतेवाड़ा पहुंचे और राहत शिविरों में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इसी दौरान उन्होंने पूनम पटेल से भी भेंट की और उनके हालचाल पूछे। पूनम की स्थिति जानने के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत जिला प्रशासन को निर्देश दिए।

    प्रशासन ने उपलब्ध कराए टैबलेट और पुस्तकें

    मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने पूनम को नया टैबलेट और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराईं। इस सहयोग से पूनम को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि अब वह बिना किसी बाधा के अपनी तैयारी जारी रखेंगी।

    अब बाढ़ भी नहीं रोक पाएगी मेरी तैयारी : पूनम 

    पूनम ने मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा- 'बाढ़ में सब कुछ नष्ट हो गया था, मुझे लग रहा था कि मेरी तैयारी रुक जाएगी। लेकिन मुख्यमंत्री जी की मदद से अब मैं पहले से और अधिक मेहनत करूंगी। अब बाढ़ भी मेरी राह में बाधा नहीं बन पाएगी।'

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts