Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना मंडी में किसान की पीट-पीटकर हत्या :ट्रॉली खड़ी करने के विवाद में पारदी समाज के लोगों ने किया हमला, 7 आरोपी गिरफ्तार

गुना की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में ट्रॉली खड़ी करने का मामूली विवाद को लेकर आरोन क्षेत्र के बूढ़ा डोंगर निवासी किसान सोनू यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
ट्रॉली खड़ी करने के विवाद में पारदी समाज के लोगों ने किया हमला, 7 आरोपी गिरफ्तार
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुना। जिले की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रॉली खड़ी करने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद में आरोन क्षेत्र के बूढ़ा डोंगर निवासी किसान सोनू यादव (35) की पिटाई कर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पारदी समाज के लोगों ने सोनू पर धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला किया था। घटना के बाद से मंडी क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

    ट्रॉली खड़ी करने के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा 

    जानकारी के अनुसार, रविवार रात सोनू यादव मक्का की उपज लेकर मंडी पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रॉली खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो सामने वाले पक्ष ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से सोनू पर हमला कर दिया। हमले के बाद सोनू गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। साथी किसानों ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचने में लापरवाही बरती।

    Twitter Post

    पुलिस ने कहा- वीडियो बनाकर थाने ले आओ

    सोनू के साथी किसानों ने बताया कि झगड़े के दौरान उन्होंने डायल-112 पर कॉल किया था, लेकिन पुलिस ने गंभीरता से मामला नहीं लिया। पुलिस ने कहा कि वीडियो बनाकर थाने लेकर आओ। कुछ देर बाद 112 की टीम पहुंची, लेकिन आरोपियों को थोड़ी देर बाद छोड़ दिया गया। किसानों के अनुसार, सोनू का शव रातभर मंडी परिसर में ही पड़ा रहा और सुबह 7 बजे जाकर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

    पत्नी की पहले ही हो चुकी मौत 

    मृतक सोनू यादव की पत्नी का पांच साल पहले निधन हो चुका था। अब उनके दो छोटे-छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और बच्चों के पालन-पोषण की व्यवस्था की जाए। सोनू के जीजा मलखान यादव ने कहा कि यह हत्या पूरी तरह से सोची-समझी साजिश है और पुलिस ने समय पर कार्रवाई की होती, तो जान बचाई जा सकती थी।

    7 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग शामिल

    पुलिस ने एक किसान की सूचना पर राजीव पारदी और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 3 नाबालिग बताए जा रहे हैं। सीएसपी प्रियंका मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिंगवासा चक और पिपरिया क्षेत्र के रहने वाले हैं।

    सीएसपी प्रियंका मिश्रा ने कहा- पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts