इंदौर। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का तुकोगंज पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स के सामने संचालित “इन्फिनिक्स इन्फोटेक” कंपनी के ऑफिस पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 23 CPU, 14 लैपटॉप, 4 DVR, मॉनिटर, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
मालिक सहित कर्मचारियों पर केस दर्ज
इस मामले में कंपनी के संचालक मनीष पांडे समेत अनिमेष चौहान, संदीप त्यागी, अनुराग सैंडलानी और नेहा जैन के खिलाफ अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
निवेश का झांसा देकर की लाखों की ठगी
मामले का खुलासा फरियादी नितिश भगत (निवासी देपालपुर) की शिकायत से हुआ। उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 में उन्हें कंपनी की ओर से कॉल आया, जिसमें शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। पहले उन्हें छोटी रकम निवेश कर “डेमो प्रॉफिट” दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से उनसे लगातार पैसे जमा कराए गए। टर्मिनल फीस, अकाउंट एक्टिवेशन और निवेश के नाम पर पैसे जमा कराए गए। आरोप है कि कंपनी ने उनसे करीब 4.80 लाख रुपये की ठगी की। इसी तरह अन्य राज्यों के लोगों को भी निशाना बनाया गया, जिनमें आंध्रप्रदेश के एक व्यक्ति से भी लाखों रुपये ठगे गए।
फर्जी टर्मिनल और नकली मुनाफे का खेल
आरोपियों ने निवेशकों को झांसा देने के लिए फर्जी सॉफ्टवेयर और टर्मिनल का इस्तेमाल किया। स्क्रीन पर मुनाफा दिखाकर लोगों को और पैसा लगाने के लिए उकसाया जाता था, लेकिन जब पैसे निकालने की बारी आती, तो बहाने बनाकर टाल दिया जाता था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई, जांच जारी
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में चल रहे ऐसे ठगी रैकेट्स के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत तुकोगंज पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।