Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जीवनसाथी डॉट कॉम पर फर्जी मर्चेंट नेवी अफसर बनकर 26.86 लाख की ठगी, रूस भागने से पहले दबोचा गया आरोपी

फर्जी मर्चेंट नेवी अधिकारी बनकर महिला को प्रेमजाल में फंसाया, शादी और इलाज के नाम पर 26.86 लाख रुपये ठगने के बाद रूस भागने की कोशिश नाकाम
जीवनसाथी डॉट कॉम पर फर्जी मर्चेंट नेवी अफसर बनकर 26.86 लाख की ठगी, रूस भागने से पहले दबोचा गया आरोपी

इंदौर। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी का झांसा देकर 26 लाख 86 हजार 500 रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को इंदौर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। खुद को मर्चेंट नेवी का अधिकारी बताने वाले आरोपी ने महिला का विश्वास जीतकर शादी का वादा किया और बीमारी सहित अलग-अलग बहाने बनाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोपी रूस भागने की तैयारी में था, लेकिन दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआई) पर इमिग्रेशन जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

 

क्राइम ब्रांच के अनुसार, नोएडा निवासी जितेंद्र छोनकर उर्फ जीतू ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर खुद को मर्चेंट नेवी का अधिकारी बताया। इसके बाद उसने एक महिला से संपर्क बढ़ाया और शादी का भरोसा दिलाकर धीरे-धीरे उससे 26 लाख 86 हजार 500 रुपये ठग लिए। आरोपी ने खुद को ब्लड कैंसर से पीड़ित बताकर इलाज के नाम पर भी बड़ी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवाई। रकम हासिल करने के बाद उसने महिला से संपर्क तोड़ दिया।

 

महिला की शिकायत पर इंदौर क्राइम ब्रांच ने प्रकरण दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी 27 जून को रूस भागने की फिराक में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा था। इमिग्रेशन जांच के दौरान उसके खिलाफ दर्ज शिकायत सामने आने पर उसे वहीं रोक लिया गया। सूचना मिलते ही इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को इंदौर ले आई। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है। उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने इस तरह की ठगी कितने लोगों के साथ की है और उसके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की भी जांच कर रही है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts