Sunita Ahuja :'लॉक अप 2' में सुनीता आहूजा का इमोशनल ब्रेकडाउन! रितेश देशमुख के सामने छलके आंसू, याद आए गोविंदा

मुंबई। रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का मजबूत और बेबाक अंदाज अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। शो के हालिया एपिसोड में वह इमोशनल ब्रेकडाउन का शिकार हो गईं। उन्होंने खाना खाने से इनकार कर दिया, टास्क खेलने से मना कर दिया और शो से बाहर जाने की इच्छा जताई।
खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
शो में खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि सुनीता आहूजा ने रात का खाना नहीं खाया। अगले दिन सुबह उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। गुस्से में उन्होंने कहा कि वह सभी के साथ सम्मान से रह रही हैं, लेकिन हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि अब वह शो में नहीं रहना चाहतीं। इसी दौरान उन्होंने पति गोविंदा की सलाह याद करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही शो में आने से मना किया था और उनकी बात न मानने का उन्हें अब पछतावा हो रहा है। यह कहते-कहते वह भावुक होकर रो पड़ीं।
खाने की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
सुनीता ने शो में दिए जा रहे खाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें और बाकी प्रतियोगियों को बेहतर खाना मिलना चाहिए। उन्होंने सूप के स्वाद पर भी आपत्ति जताई और उसे लेकर तीखी टिप्पणी की, जिससे घर का माहौल गर्मा गया।
टास्क खेलने से किया इनकार
बाद में मेकर्स ने प्रतियोगियों के लिए एक टास्क रखा, जिसमें सही जवाब देकर नाश्ता जीतना था। हालांकि, सुनीता ने इसमें हिस्सा लेने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई टास्क नहीं खेलना है और वह सिर्फ शो से बाहर जाना चाहती हैं। उन्होंने नाश्ता भी नहीं किया और अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर इसी तरह शो से बाहर निकलना पड़े तो वह बीमार पड़ना भी स्वीकार करेंगी।
राम कपूर ने समझाने की कोशिश की
सुनीता की नाराजगी देखकर अभिनेता राम कपूर ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उस समय वह किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थीं। उन्होंने लगातार शो छोड़ने की इच्छा जताई।
रितेश देशमुख के सामने छलक पड़े आंसू
जब शो के होस्ट रितेश देशमुख प्रतियोगियों से मिलने पहुंचे तो सुनीता ने उनसे भी शो से बाहर जाने की गुजारिश की। उन्होंने कहा कि वह इस गेम को आगे नहीं खेल पाएंगी और लगातार इमोशनल ब्रेकडाउन महसूस कर रही हैं। अपनी बात कहते हुए वह रोने लगीं। इसके बाद रितेश देशमुख ने उन्हें गले लगाकर शांत कराने की कोशिश की।
गोविंदा ने पहले ही दी थी सलाह
सुनीता आहूजा ने इससे पहले बताया था कि गोविंदा नहीं चाहते थे कि वह 'लॉक अप 2' में हिस्सा लें। उनका मानना था कि शो का माहौल काफी चुनौतीपूर्ण है और इससे वह भावनात्मक रूप से प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, शो में आने से पहले सुनीता ने कहा था कि वह मानसिक रूप से मजबूत हैं और हर चुनौती का सामना कर लेंगी। लेकिन अब उनका इमोशनल ब्रेकडाउन इस सीजन के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया है।











