Mahaprabhu Jagannath Release Date: ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ की रिलीज का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी के बाद इस दिन आएगी फिल्म

एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कानूनी विवाद के चलते फिल्म की पहले तय रिलीज डेट टल गई थी, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद फिल्म की देशभर में रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। फिल्म अब जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
कब रिलीज होगी ‘महाप्रभु जगन्नाथ’?
ओडिशा की पहली एनिमेटेड फीचर फिल्म बताई जा रही ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ 28 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को प्रमुख थिएटर चेन सिनेपोलिस के जरिए पैन इंडिया रिलीज किया जाएगा। फिल्म को खास तौर पर युवाओं को भगवान जगन्नाथ की भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसे एक काल्पनिक कहानी के रूप में पेश किया गया है।
‘जय जगन्नाथ’ सीरीज का सिनेमाई विस्तार
‘महाप्रभु जगन्नाथ’ लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज ‘जय जगन्नाथ’ का सिनेमाई विस्तार है। इस सीरीज को यूट्यूब पर 100 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिलने का दावा किया गया है। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता बनी हुई है।
क्यों टली थी फिल्म की रिलीज?
दरअसल, फिल्म को पहले 17 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था। लेकिन रिलीज से पहले ही फिल्म कानूनी विवाद में फंस गई। ओडिशा हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका यानी PIL पर सुनवाई करते हुए फिल्म के कंटेंट के कानूनी परीक्षण की मांग को लेकर इसकी देशभर में रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसके बाद फिल्म के मेकर्स ने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। मेकर्स ने अपनी याचिका में फिल्म को मिले CBFC के ‘U’ सर्टिफिकेशन और देशभर में 300 से ज्यादा सिनेमाघरों की बुकिंग का भी हवाला दिया था। रिलीज रुकने से निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान की बात भी सामने रखी गई।
सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी के बाद बदली रिलीज डेट
सुप्रीम कोर्ट से फिल्म की देशभर में रिलीज को मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माताओं और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने नई रिलीज रणनीति तैयार की है। इसी के तहत फिल्म को 28 अगस्त 2026 को पैन इंडिया रिलीज करने का फैसला किया गया है। अब देखना होगा कि भगवान जगन्नाथ की कहानी पर बनी यह एनिमेटेड फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का कितना प्यार हासिल करती है।
कौन हैं फिल्म के मेकर्स?
फिल्म का निर्माण एले एनिमेशंस के संस्थापक दुर्गा प्रसाद दलई ने किया है। इसका निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले पल्लवी शर्मा ने लिखा है। इसके ओरिजिनल गानों का संगीत अर्जित श्रीवास्तव ने तैयार किया है। वहीं बैकग्राउंड स्कोर अविरल कुमार ने दिया है और गीतों के बोल अतुल कुमार वर्मा ने लिखे हैं।











