ड्रग्स ऑन क्रूज केस : CBI के सामने पेश हुए समीर वानखेड़े, 5 घंटे तक चली पूछताछ

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के मुंबई के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े शनिवार को मुंबई हाईकोर्ट द्वारा जारी एक निर्देश के जवाब में मुंबई में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के कार्यालय में पेश हुए। करीब पांच घंटे की पूछताछ के बाद समीर वानखेडे़ सीबीआई ऑफिस के बाहर निकले। दरअसल, अक्टूबर 2021 में कोर्डेलिया क्रूज ड्रग केस में 25 करोड़ रुपए के जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन को गिरफ्तार किया गया था। भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी को अभी गिरफ्तार किए जाने की संभावना नहीं है, क्योंकि सीबीआई ने शुक्रवार को मुंबई हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति शर्मिला यू देशमुख और आरिफ एस डॉक्टर की अवकाश पीठ को आश्वासन दिया कि केंद्रीय एजेंसी वानखेड़े के खिलाफ 22 मई तक कोई कठोर कार्रवाई नहीं करेगी।
बहरहाल, सीबीआई ने पिछले सप्ताह भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वानखेड़े, एनसीबी के तत्कालीन अधीक्षक विश्व विजय सिंह और एनसीबी की मुंबई क्षेत्रीय इकाई के तत्कालीन खुफिया अधिकारी आशीष रंजन के साथ-साथ निजी व्यक्तियों के पी गोसावी, सैनविले डिसूजा और अज्ञात के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था।











