टैरिफ से जनता को फायदा :हर अमेरिकी को मिलेंगे 2000 डॉलर, ट्रंप बोले- इसका विरोध करने वाले मूर्ख...

हर अमेरिकी को मिलेंगे 2000 डॉलर, ट्रंप बोले- इसका विरोध करने वाले मूर्ख...
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राजनीति में फिर हलचल मच गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला दावा किया है। ट्रंप ने टैरिफ के फायदों का जिक्र करते हुए कहा कि, इस कमाई से अमीरों को छोड़कर हर अमेरिकी नागरिक को 2,000 डॉलर (करीब 1.7 लाख रुपए) का 'डिविडेंड' मिलेगा। इसके अलावा टैरिफ की आलोचना करने वालों को 'मूर्ख' करार दिया। उन्होंने कहा कि, उनके कार्यकाल में अमेरिका दुनिया का सबसे समृद्ध और सम्मानित देश बन गया है।

    ट्रंप का दावा- टैरिफ से $2,000 डिविडेंड

    ट्रंप ने कहा कि, अप्रैल 2025 में घोषित 10% से 50% तक के टैरिफ अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। उनके अनुसार, इस कमाई का हिस्सा राष्ट्रीय कर्ज चुकाने और आम नागरिकों में वितरित करने में लगेगा। हालांकि, उन्होंने पात्रता मानदंड (जैसे आय सीमा क्या होगी?) या वितरण की समयसीमा पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। ट्रंप पहले भी ऐसे वादे कर चुके हैं। अक्टूबर में उन्होंने 1,000 से 2,000 डॉलर के छूट का संकेत दिया था।

    टैरिफ के कारण अमेरिका में आ रहे व्यवसाय

    ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि, टैरिफ की वजह से व्यवसाय अमेरिका में वापस आ रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट पर नाराजगी जताई और कहा कि, दूसरे देश हम पर टैरिफ लगा सकते हैं, लेकिन हम उनपर नहीं। टैरिफ के बिना हमारे पास कुछ भी नहीं है, क्या सुप्रीम कोर्ट यह नहीं समझता।

    हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी पर लंबी बहस हुई थी। करीब ढाई घंटे की सुनवाई में जजों ने इसकी वैधता पर सवाल उठाए थे। चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स ने कहा था कि, टैरिफ, टैक्स की तरह है और इसका अधिकार केवल कांग्रेस के पास है।

    Uploaded media

    योजना पर सवाल, कर्ज बढ़ने का खतरा

    अमेरिकी वित्त सचिव स्कॉट बेसेन्ट ने कहा कि, प्रशासन का मुख्य फोकस $38 ट्रिलियन के राष्ट्रीय कर्ज को घटाने पर है। डिविडेंड के रूप में वितरण पर चर्चा अभी नहीं हुई और हो सकता है कि यह टैक्स कटौती के रूप में आए।

    विश्लेषकों के अनुसार, अगर 25 करोड़ गैर-अमीर अमेरिकियों को $2,000 बांटे गए, तो इसकी लागत करीब $500 अरब होगी, जो मौजूदा आय से कहीं अधिक है। इससे कर्ज घटने के बजाय बढ़ सकता है। अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज पहले ही 38 ट्रिलियन डॉलर के पार है।

    क्या है टैरिफ

    टैरिफ एक बॉर्डर शुल्क है, जो विदेश से आने वाले सामानों पर लगाया जाता है। इससे विदेशी सामान महंगा हो जाता है और घरेलू उद्योगों को फायदा होता है। ट्रंप ने इसे 'अर्थव्यवस्था मजबूत करने और राष्ट्रीय सुरक्षा' के लिए जरूरी बताया।

    ट्रंप ने 100 से अधिक देशों पर टैरिफ लगाए, जिसमें भारत पर 50% टैरिफ और रूस से तेल खरीद पर 25% पेनल्टी शामिल है। उनका कहना था कि, यह व्यापार असंतुलन को सुधारने और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts