जिसमें हिम्मत है, वो कोशिश करके देख ले...!सिंघम स्टाइल में सड़क पर उतरे धार SP, उपद्रवियों को दी आखिरी चेतावनी

धार। भोजशाला-कमाल मौला परिसर को लेकर आए हाई कोर्ट के फैसले के बाद धार जिले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पहली बार ऐसा हो रहा है जब भोजशाला में महाआरती का आयोजन किया जा रहा है और कमाल मौला मस्जिद में जुमे की नमाज नहीं होगी। इस संवेदनशील माहौल के बीच धार एसपी सचिन शर्मा का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर किसी ने माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो प्रशासन पूरी ताकत के साथ कार्रवाई करेगा। जिले में 1500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं और हर संवेदनशील इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
भोजशाला परिसर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
भोजशाला परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आने जाने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है। पूरे इलाके को बैरिकेडिंग कर सुरक्षित किया गया है ताकि किसी भी तरह की स्थिति पैदा न हो। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे कई पोस्ट सामने आए थे जिनमें फैसले को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश की जा रही थी। प्रशासन का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में दिखा प्रशासन का सख्त संदेश
गुरुवार को धार शहर में कलेक्टर और एसपी ने पुलिस जवानों के साथ बड़ा फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी साफ दिखाई दी। मार्च के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए गए। एसपी सचिन शर्मा खुद जवानों के साथ पैदल चलते नजर आए। उनका उद्देश्य था कि लोगों तक यह संदेश पहुंचे कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: धार भोजशाला: 721 साल बाद गूंजेंगे मां वाग्देवी के जयकारे, शुक्रवार को पहली बार होगी महाआरती
वायरल हुआ एसपी सचिन शर्मा का बयान
फ्लैग मार्च के दौरान एसपी शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग अदालत के फैसले को गलत तरीके से फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक लोगों को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन अब सिर्फ कानून के हिसाब से कार्रवाई होगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर किसी को लगता है कि वह कानून व्यवस्था बिगाड़ सकता है तो वह कोशिश करके देख ले, पुलिस पूरी तरह तैयार है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी सख्त कार्यशैली की चर्चा कर रहे हैं।
कौन हैं धार एसपी सचिन शर्मा ?
सचिन शर्मा साल 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। हाल ही में उन्हें धार जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इससे पहले वे मध्य प्रदेश भवन, दिल्ली में संयुक्त आवास आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। धार से पहले वे उज्जैन और छतरपुर जैसे जिलों में भी एसपी रह चुके हैं। उन जिलों में भी उनकी पहचान एक सख्त और ईमानदार अधिकारी के रूप में रही है। कानून व्यवस्था को लेकर उनका रवैया हमेशा साफ और कड़ा माना जाता है।
सरकार का भरोसेमंद चेहरा बने सचिन शर्मा
धार जैसे संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी मिलना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि सरकार को उन पर पूरा भरोसा है। प्रशासनिक स्तर पर उनकी छवि ऐसे अधिकारी की रही है जो कठिन परिस्थितियों में भी शांत तरीके से हालात संभालते हैं। भोजशाला मामले में भी उन्होंने शुरुआत से ही सख्त निगरानी बनाए रखी है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़ें: धार भोजशाला मामले में नया दावा: “परिसर के नीचे दबी है हनुमान प्रतिमा”
सोशल मीडिया पर जारी है निगरानी
प्रशासन का कहना है कि सबसे बड़ा खतरा अफवाहों से है। इसलिए पुलिस की साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है। किसी भी भड़काऊ पोस्ट या गलत जानकारी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की तैयारी है। एसपी सचिन शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और शांति बनाए रखें। प्रशासन का कहना है कि जिले में माहौल पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं।











