MP Weather Update :नौतपा से पहले ही तपने लगा प्रदेश, 46°C पार पहुंचेगा तापमान; 41 जिलों में लू का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही सूरज आग उगल रहा है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 9 से 11 बजे के बीच ही कई शहरों का तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जा रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि, अगले 10 दिन यानी 31 मई तक गर्मी का असर अपने चरम पर रहेगा। प्रदेश के कई जिलों में लू और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया गया है। खासकर बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित रहने वाले हैं। खजुराहो और नौगांव में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
46°C पार जा सकता है तापमान
मौसम विभाग ने शुक्रवार 23 मई को निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना जताई गई है। दोपहर के समय गर्म हवाएं और ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती हैं। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
21 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट
प्रदेश के 21 जिलों में तेज लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, रीवा, सीधी, सिंगरौली और शहडोल समेत कई जिले शामिल हैं। इन इलाकों में तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि, गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।
भोपाल-इंदौर समेत 20 जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, खंडवा, खरगोन, सीहोर, रायसेन, जबलपुर, नरसिंहपुर और मंडला सहित 20 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि, यहां रेड या ऑरेंज अलर्ट जैसी गंभीर स्थिति नहीं है, लेकिन तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी।
नौतपा में और बढ़ेगी तपिश
मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है और इसके साथ ही गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में अगले कई दिनों तक तेज गर्मी का दौर बना रहेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार नौतपा के दौरान तापमान कई शहरों में 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
|
शहर |
अधिकतम तापमान |
|
खजुराहो |
46.0°C |
|
नौगांव |
46.0°C |
|
रीवा |
44.4°C |
|
सतना |
44.4°C |
|
मंडला |
44.2°C |
|
मलांजखंड |
44.2°C |
|
दमोह |
44.0°C |
|
दतिया |
44.0°C |
|
टीकमगढ़ |
44.0°C |
|
उमरिया |
44.0°C |
|
जबलपुर |
43.8°C |
|
नरसिंहपुर |
43.6°C |
|
ग्वालियर |
43.3°C |
|
राजगढ़ |
43.3°C |
|
खरगोन |
43.2°C |
|
श्योपुर |
43.2°C |
|
गुना |
43.1°C |
|
खंडवा |
43.1°C |
|
भोपाल |
42.0°C |
|
इंदौर |
40.4°C |
भोपाल-इंदौर समेत बड़े शहरों का हाल
|
शहर |
अधिकतम |
न्यूनतम |
|
भोपाल |
42.0°C |
27.2°C |
|
इंदौर |
40.4°C |
27.0°C |
|
ग्वालियर |
43.3°C |
30.2°C |
|
उज्जैन |
41.5°C |
26.0°C |
|
जबलपुर |
43.8°C |
26.0°C |
|
नर्मदापुरम |
40.4°C |
28.8°C |
|
छिंदवाड़ा |
41.7°C |
29.0°C |
|
पचमढ़ी |
36.2°C |
20.2°C |
23 से 25 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
23 मई को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट रहेगा, जबकि ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
24 मई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का असर बना रहेगा। भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
25 मई से नौतपा शुरू होने के साथ ही गर्मी और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की एडवाइजरी
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच गर्मी सबसे ज्यादा खतरनाक रहेगी। लोगों को इस दौरान घर में रहने की सलाह दी गई है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
गर्मी के साथ बढ़ी पानी की चिंता
भीषण गर्मी के चलते प्रदेश में पानी की खपत भी तेजी से बढ़ रही है। पीने, नहाने, खाना बनाने और साफ-सफाई में ज्यादा पानी इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी के साथ पानी का संकट भी गहरा सकता है, इसलिए लोगों को अभी से पानी बचाने पर ध्यान देना चाहिए।











