दिल्ली मार्च से पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई, 3 जिला अध्यक्ष करीब 12 घंटे बाद रिहा

कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की विपक्षी पार्टियां सोमवार को ‘दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ के तहत सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश से भी कांग्रेस के कई नेता दिल्ली पहुंचे हैं। हालांकि दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे मुरैना ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर, मुरैना शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र जाटव और भिंड शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया को स्थानीय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक करीब 12 घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पुलिस के जरिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। वहीं पुलिस की ओर से अब तक कार्रवाई के आधार और हिरासत में रखने की अवधि को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
मुरैना के होटल में रुके थे कांग्रेस नेता
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार मधुराज सिंह तोमर, गजेंद्र जाटव और धर्मेंद्र भदौरिया दिल्ली मार्च में शामिल होने के लिए रवाना होने वाले थे। रविवार रात वे मुरैना के एक होटल में रुके हुए थे। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंची और नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को अपने साथ ले गई। धर्मेंद्र भदौरिया ने फोन पर बताया कि भिंड, मुरैना और आसपास के क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह करीब 4 बजे 70 से 80 गाड़ियों के काफिले के साथ दिल्ली रवाना होने की योजना बनाई थी। इसके लिए सभी कार्यकर्ता मुरैना में इकट्ठा हुए थे और एक होटल में ठहरे थे। भदौरिया के मुताबिक रात करीब 11 बजे पुलिस पहुंची और उन्हें वहां से ले गई। उन्होंने दावा किया कि करीब 50 कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जगहों पर रखा गया और लगभग 12 घंटे बाद छोड़ा गया।
विधायक बाबू जंडेल के घर भी पहुंची पुलिस
श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल के घर भी रविवार रात पुलिस के पहुंचने का मामला सामने आया है। उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का एक फुटेज सामने आया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पुलिस विधायक को हिरासत में लेने पहुंची थी या कार्रवाई का कोई दूसरा कारण था, इसकी स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है। बाबू जंडेल को हिरासत में लिया गया या नहीं, इस बारे में भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर नहीं होगा प्रदर्शन! बदले नियम, अब इन 3 जगहों पर होंगे धरने
दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस के कई नेता मौजूद
‘दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, विधायक आरिफ मसूद, झूमा सोलंकी, सेना पटेल, फुंदेलाल मार्को और केशव देसाई सहित कई नेता दिल्ली में मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह ये नेता मार्च में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश भवन से निकले थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: भोपाल के श्रमोदय विद्यालय की रसोई में मिलीं खामियां, 9 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए
कांग्रेस ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल
मध्य प्रदेश में पार्टी नेताओं को हिरासत में लिए जाने और दिल्ली में नेताओं को रोके जाने की घटनाओं के बाद कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने से रोका जा रहा है।




















