FCRA रजिस्ट्रेशन का खेल? गृह मंत्रालय के 2 अधिकारी गिरफ्तार, रिश्वत मांगने का आरोप

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर 28 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में दो सरकारी अधिकारियों को पकड़ा है। दोनों पर एक एसोसिएशन के लंबित FCRA रजिस्ट्रेशन को कराने के बदले कथित तौर पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
कौन हैं पकड़े गए अधिकारी?
पकड़े गए अधिकारियों में एक सीनियर अकाउंटेंट और दूसरा अकाउंटेंट है। इनमें से एक अधिकारी फिलहाल गृह मंत्रालय के विदेशी प्रभाग में तैनात है। दूसरा अधिकारी वर्तमान में वेतन एवं लेखा कार्यालय में तैनात है। वह पहले गृह मंत्रालय के विदेशी प्रभाग में काम कर चुका है।
FCRA रजिस्ट्रेशन के बदले पैसे मांगने का आरोप
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों अधिकारी कथित तौर पर कुछ संगठनों के संपर्क में थे। आरोप है कि वे अवैध तरीके से पैसे लेकर संगठनों के FCRA रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल में मदद करने की पेशकश करते थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
गृह मंत्रालय ने क्या कहा?
गृह मंत्रालय ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है। इस मामले में उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा रही है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि FCRA से जुड़ी सभी सेवाएं FCRA पोर्टल के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध हैं। किसी भी FCRA सेवा के लिए किसी बिचौलिए, एजेंट या व्यक्ति को अधिकृत नहीं किया गया है।




















