Operation Sindoorभारत ने पाकिस्तान के 13 विमान नष्ट किए थे, 11 हवाई अड्डों पर हमला किया था

जयपुर। वायु सेना के उप प्रमुख, एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने गुरुवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने 13 पाकिस्तानी विमानों को नष्ट किया और 11 हवाई अड्डों पर हमला किया था। उन्होंने कहा कि इसके सबूत सबके सामने हैं। भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना के सैन्य अभियानों के प्रमुखों ने जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर के डीटेल की जानकारी दी। ऑपरेशन के एक साल होने पर आयोजित ब्रीफिंग में एयर मार्शल भारती ने कहा- हमने 7 मई को उनके 9 आतंकवादी शिविरों पर हमला कर उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर दिया। हमने उनके 11 हवाई अड्डों पर हमला किया। हमने उनके 13 विमानों को जमीन पर या हवा में नष्ट कर दिया। इनमें 300 किलोमीटर से अधिक की रिकॉर्ड दूरी पर मार गिराया गया एक बहुमूल्य विमान भी शामिल है।
नाकाम रहा पाकिस्तान
एयर मार्शल भारती ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान भारतीय सैन्य या नागरिक बुनियादी ढांचे को कोई खास नुकसान पहुंचाने में नाकाम रहा। पाकिस्तान द्वारा बार-बार किए जा रहे जीत के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह ठोस तथ्यों पर आधारित है। वे न तो कोई सैन्य ढांचे और न ही नागरिक संरचनाओं को नुकसान पहुंचा सके। याद रखें कि बयानबाजी और प्रचार से जीत नहीं मिलती।
देश के संकल्प का प्रतीक
इस अभियान के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर अंत नहीं, बल्कि शुरुआत था। यह हमारे राष्ट्र के संकल्प, जिम्मेदारी और रणनीतिक संयम का प्रतीक था। इसे सटीकता और स्पष्ट उद्देश्य के साथ अंजाम दिया गया। भारत अपनी संप्रभुता, अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा निर्णायक रूप से पूरी जिम्मेदारी के साथ करेगा।
परमाणु ब्लैकमेल को खत्म किया
नौसेना संचालन महानिदेशक, वाइस एडमिरल एएन प्रमोद ने कहा कि पाकिस्तान के दिल में स्थित आतंकी ठिकानों पर लंबी दूरी की सटीक मारक क्षमता वाले हथियारों से हमला करके भारत ने पाकिस्तान की परमाणु ब्लैकमेल की धज्जियां उड़ा दीं।












