Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Breaking :राज्यसभा के लिए कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को मप्र से बनाया प्रत्याशी, खड़गे, पवन खेड़ा कर्नाटक से उम्मीदवार

राहुल गांधी की टीम की सबसे भरोसेमंद रहीं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए मप्र से प्रत्याशी बनाया है।
राज्यसभा के लिए कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को मप्र से बनाया प्रत्याशी, खड़गे, पवन खेड़ा कर्नाटक से उम्मीदवार

भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मप्र से राज्यसभा के लिए मीनाक्षी नटराजन को प्रत्याशी बनाया है। गुरुवार रात जारी सूची में मंदसौर की पूर्व सांसद पर पार्टी ने फिर भरोसा जताया है। इसके अलावा पार्टी ने कर्नाटक, राजस्थान, तमिल नाडु और झारखंड के प्रत्याशी घोषित किए हैं। मप्र में वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल पूरा होने पर यह सीट खाली हुई थी। इस सीट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, वरिष्ठ नेता अरुण यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम की भी चर्चा थी। 

/img/89/1780592272386

2009 में जीता था लोकसभा चुनाव

मीनाक्षी नटराजन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की प्रमुख महिला राजनेताओं में से एक हैं। उनका जन्म 19 मई 1973 को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में हुआ। उन्होंने विधि (लॉ) की शिक्षा प्राप्त की और छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं। राजनीति में उनकी पहचान एक जमीनी और संगठनात्मक नेता के रूप में बनी। मीनाक्षी नटराजन ने कांग्रेस पार्टी के युवा संगठन के माध्यम से राजनीतिक सफर की शुरुआत की। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने मध्य प्रदेश की मंदसौर संसदीय सीट से जीत हासिल कर संसद में प्रवेश किया। उन्होंने भाजपा के दिग्गज लक्ष्मीनारायण पांडे को हराया था। सांसद के रूप में उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

कांग्रेस संगठन में निभाई विभिन्न जिम्मेदारी

कांग्रेस संगठन में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुकी हैं। उनकी पहचान सादगी, ईमानदारी और संगठन के प्रति समर्पण के लिए की जाती है। मीनाक्षी नटराजन को कांग्रेस नेतृत्व का भरोसेमंद चेहरा माना जाता है। वे युवाओं को राजनीति से जोड़ने, महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और जनसरोकार के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जानी जाती हैं। मध्य प्रदेश की राजनीति में उनका प्रभाव आज भी महत्वपूर्ण माना जाता है।

खड़गे कर्नाटक से जाएंगे राज्यसभा

पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक से प्रत्याशी बनाया है। उनके अलावा प्रवक्ता पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को भी प्रत्याशी बनाया है। राज्स्थान में नीरज दांगी राज्यसभा उम्मीदवार होंगे तो तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती। झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया गया है। 

8 जून तक दाखिल किए जाएंगे नामांकन

राज्यसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश की तीन सीटों पर 8 जून तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। दो सीटों पर भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। इनमें राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन और डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और दिग्विजय सिंह की सीट खाली होने पर राज्य में ये चुनाव हो रहे हैं। दोनों प्रमुख दलों से तीनों प्रत्याशी घोषित होने के बाद वोटिंग की संभावना कम नजर आ रही है। ऐन वक्त पर भाजपा तीसरा प्रत्याशी घोषित करती है तो तीसरी सीट के लिए मतदान हो सकता है।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts