बुरहानपुर/ भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश का चहुंमुखी विकास ही सरकार का प्रमुख लक्ष्य है और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। वे बुरहानपुर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 696 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से 80 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया, जिससे जिले के समग्र विकास को नई गति मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर गांव, गली और मोहल्ले तक पहुंचे। अधोसंरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देकर विकास की गति को तेज किया जा रहा है। उन्होंने बुरहानपुर के समृद्ध और विकसित भविष्य का संकल्प दोहराया और कहा कि जनता की सहभागिता से यह लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की। उन्होंने बुरहानपुर में केला उत्पादक किसानों के हित में वैल्यू एडिशन, भण्डारण एवं प्रसंस्करण के लिए इकाई स्थापित करने, बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में नगर परिषद शाहपुर को परीक्षण उपरांत नगर पालिका का दर्जा दिया जाएगा। बुरहानपुर में वारकरी समुदाय का कीर्तन केंद्र बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉर्टीकल्चर सब्जेक्ट अब प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में पढ़ाया जाएगा। उन्होंने खामनी से दही हांडी तक खामनी से रायगांव एवं शाहपुर से सुखपुरी तक सड़क बनाने की घोषणा भी की। राज्य सरकार बुरहानपुर सहकारी सूत मिल श्रमिकों के बकाया भुगतान कराएगी और यहां नए उद्योग-धंधे भी स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर कपड़ा उद्योग का प्रमुख केंद्र है और ‘बुनकरों का शहर’ के रूप में प्रसिद्ध है। यहां कपास और केला उत्पादन न केवल किसानों की आय बढ़ा रहा है बल्कि उद्योगों को भी मजबूती दे रहा है। उन्होंने बताया कि केला और कपास आधारित प्रोसेसिंग, भंडारण और निर्यात सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। शनिवार को ही लाड़ली बहना योजना की 33वीं किश्त भी प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में जारी की गई।

मुख्यमंत्री ने ताप्ती ग्राउंड वॉटर मेगा रिचार्ज परियोजना को जिले के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके पूर्ण होने पर बुरहानपुर की कृषि भूमि और अधिक उपजाऊ होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार लगातार हो रहा है और नदी जोड़ो अभियान से किसानों को लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में कपास आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है और धार में देश का पहला पीएम मित्र पार्क भी निर्मित हो रहा है। उन्होंने सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने नर्मदेश्वर अखंड शिवलिंग की पूजा-अर्चना कर जिले के विकास और समृद्धि की कामना भी की।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया गया है और इसकी शुरुआत बुरहानपुर से हो रही है, जहां बड़ी सिंचाई परियोजनाओं से हजारों किसानों को लाभ मिलेगा। खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं को धरातल पर उतारने वाले नेतृत्व का उदाहरण हैं। विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बुरहानपुर तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।