छिंदवाड़ा में घर के पीछे लगा मिला गांजे का पौधा, 1.31 लाख रुपए कीमत; आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-पांढुर्णा क्षेत्र में मोहगांव पुलिस ने अवैध रूप से लगाए गए गांजे के एक पौधे को जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, पौधे का वजन करीब 26.300 किलोग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। मामले में 53 वर्षीय सुरजीराम सलामे को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को थाना मोहगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम डुड्डेवानी निवासी सुरजीराम सलामे ने अपने मकान के पीछे बाड़े में बाथरूम के पास गांजे का पौधा लगा रखा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को बताए गए स्थान पर मकान के पीछे बाड़े में गांजे का एक पौधा मिला। पूछताछ के दौरान सुरजीराम सलामे ने पौधा खुद लगाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पौधे को जब्त किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी सुरजीराम सलामे, पिता मनाजी सलामे, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम डुड्डेवानी, थाना मोहगांव के खिलाफ अपराध क्रमांक 88/26 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 8 और 20(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विदिता डागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद और एसडीओपी पांढुर्णा बृजेश भार्गव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय मरकाम, उपनिरीक्षक नन्हेलाल मरावी, सहायक उपनिरीक्षक कमल गोनेकर और आरक्षक योगेश व वैभव की भूमिका रही।























