Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा की शराब दुकानों से रेट लिस्ट गायब, मनमाने दाम वसूली की शिकायत

छिंदवाड़ा शहर की कई कम्पोजिट शराब दुकानों पर रेट लिस्ट नहीं दिखाई दे रही है। इससे ग्राहकों को शराब की निर्धारित कीमत पता नहीं चल पा रही और मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। वहीं अवैध अहातों और कुचियों के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी ने जांच और कार्रवाई की बात कही है।
छिंदवाड़ा की शराब दुकानों से रेट लिस्ट गायब, मनमाने दाम वसूली की शिकायत
फाइल फोटो

छिंदवाड़ा। शहर की कम्पोजिट शराब दुकानों पर आबकारी नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आबकारी विभाग के निर्देशों के बावजूद शहर की कई शराब दुकानों पर रेट लिस्ट दिखाई नहीं दे रही है।रेट लिस्ट नहीं होने से ग्राहकों को शराब की निर्धारित कीमत की जानकारी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ दिन बाद हटा दी गई रेट लिस्ट

स्थानीय लोगों के अनुसार, आबकारी नीति के तहत शराब दुकानों पर शराब की कीमतों की सूची प्रमुखता से लगाना जरूरी है। बताया जा रहा है कि शुरुआत में कुछ दुकानों पर रेट लिस्ट लगाई गई थी, लेकिन कुछ दिनों बाद उसे हटा दिया गया। रेट लिस्ट नहीं होने से ग्राहक यह पता नहीं कर पाते कि अलग-अलग ब्रांड की निर्धारित कीमत कितनी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसका फायदा दुकान संचालकों को मिल रहा है।

अवैध अहातों और कुचियों पर भी सवाल

शहर और जिले में अवैध अहातों और कथित कुचियों के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकानों से कम कीमत पर शराब लेकर कुछ लोग इसकी अवैध बिक्री और होम डिलीवरी कर रहे हैं। इसके अलावा शराब दुकानों के आसपास बंद अहातों में लोगों के बैठकर शराब पीने की बात भी सामने आ रही है। आरोप है कि इन जगहों के आसपास शराब के साथ अन्य सामान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

Breaking News

अधिकारी बोले- रेट लिस्ट लगवाएंगे

मामले को लेकर जिला आबकारी अधिकारी बीआर वैद्य ने कहा कि सभी कम्पोजिट शराब दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर इसके बावजूद किसी दुकान पर नियमों का पालन नहीं हो रहा है तो टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। अधिकारी ने सभी दुकानों पर जल्द रेट लिस्ट लगवाने की बात कही है।

अब देखना होगा कि आबकारी विभाग की जांच के बाद शराब दुकानों पर रेट लिस्ट दोबारा लगती है या नहीं और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts