Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पहली बारिश में खुली निगम व्यवस्था की पोल :छिंदवाड़ा के कई वार्डों में घर, दुकान और मंदिरों में घुसा पानी

छिंदवाड़ा में पहली तेज बारिश के बाद कई वार्डों में जलभराव हो गया। वार्ड 42, 43, 44, मोहन नगर, बंगाली कॉलोनी और चार फाटक क्षेत्र में घरों, दुकानों व मंदिरों में पानी घुस गया। राजपाल चौक में सीवर लाइन उफनने के बाद लोगों ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
छिंदवाड़ा के कई वार्डों में घर, दुकान और मंदिरों में घुसा पानी
छिंदवाड़ा में पहली ही बारिश ने निगम की लचर व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई वार्डों में घरों, दुकानों और मंदिरों तक में पानी घुस गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

छिंदवाड़ा में रविवार सुबह हुई तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। महज एक घंटे की बारिश में शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। वार्ड 42, 43, 44, मोहन नगर, बंगाली कॉलोनी और वार्ड 17 के चार फाटक क्षेत्र में पानी घरों, दुकानों और मंदिरों तक पहुंच गया। वहीं कई जगह सीवर और जल निकासी व्यवस्था भी जवाब देती नजर आई।

वार्ड 42, 43 और 44 सबसे ज्यादा प्रभावित

तेज बारिश के बाद वार्ड 42, 43 और 44 के साथ मोहन नगर और बंगाली कॉलोनी में जल निकासी नहीं होने से पानी लोगों के घरों में घुस गया। चार फाटक स्थित संतोषी माता मंदिर और सामने स्थित कार्तिक मंदिर में भी बारिश का पानी भर गया। क्षेत्र की कई दुकानों में भी पानी घुसने से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

लालबाग में सड़कें बनीं तालाब

लालबाग क्षेत्र में सड़क पर इतना पानी भर गया कि कई वाहन आधे तक डूब गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों पर वर्षों से अतिक्रमण होने के कारण उनकी चौड़ाई कम हो गई है। मानसून से पहले सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने का असर पहली ही बारिश में दिखाई दे गया।

Breaking News

राजपाल चौक में सीवर लाइन उफनी

शहर के राजपाल चौक में बारिश के दौरान सीवर लाइन का ढक्कन ऊपर उठ गया और तेज दबाव के साथ पानी बाहर निकलने लगा। इस घटना के बाद करोड़ों रुपए की लागत से बने सीवर प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सामान्य बारिश में ही यह स्थिति है तो भारी बारिश में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें: Weather Update: देशभर के 20 राज्यों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

लोगों ने कार्रवाई की मांग की

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल निकासी व्यवस्था सुधारने, सीवर लाइन की तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल बारिश में यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts