दिल्ली ब्लास्ट के बाद छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट :रायपुर की रजिस्टर्ड कार घटनास्थल पर मिली, पूरे प्रदेश में चेकिंग तेज

दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके में छत्तीसगढ़ नंबर की कार भी क्षतिग्रस्त हुई। घटनास्थल के पास मिली मारुति फ्रॉन्क्स कार रायपुर के स्काई ऑटोमोबाइल से रजिस्टर्ड है और बालोद जिले के सिरी गांव निवासी प्रशांत बघेल के नाम दर्ज है। इसके बाद से पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
रायपुर की रजिस्टर्ड कार घटनास्थल पर मिली, पूरे प्रदेश में चेकिंग तेज
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर/नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए कार धमाके ने पूरे देश को दहला दिया है। इस विस्फोट में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं। घटनास्थल के पास छत्तीसगढ़ नंबर की एक मारुति फ्रॉन्क्स कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली है। यह कार रायपुर के स्काई ऑटोमोबाइल से रजिस्टर्ड है और बालोद जिले के सिरी गांव निवासी प्रशांत बघेल के नाम दर्ज है।

    इस जानकारी के बाद छत्तीसगढ़ में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और प्रदेशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

    Uploaded media

    ब्लास्ट में छत्तीसगढ़ की कार क्षतिग्रस्त

    दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, ब्लास्ट स्थल के पास क्षतिग्रस्त हालत में मिली कार की रजिस्ट्रेशन डिटेल से पता चला कि यह छत्तीसगढ़ की है। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, कार रायपुर के स्काई ऑटोमोबाइल से खरीदी गई थी। पुलिस कार मालिक प्रशांत बघेल से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

    हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह कार घटना के समय कौन चला रहा था और दिल्ली तक कैसे पहुंची। पुलिस का कहना है कि कार की तकनीकी जांच और एफएसएल रिपोर्ट से पूरी जानकारी सामने आएगी।

    Uploaded media

    बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मॉल्स में जांच

    ब्लास्ट के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और अंबिकापुर समेत सभी प्रमुख शहरों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।

    • बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और मॉल्स में सर्च ऑपरेशन किया गया।
    • फुट पेट्रोलिंग, डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल यूनिट्स की टीमों को सक्रिय कर दिया गया।
    • संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी बढ़ाई गई है।

     गृहमंत्री बोले- अफवाहों पर ध्यान न दें”

    छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य की सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और दिल्ली पुलिस से सतत संपर्क में हैं। उन्होंने कहा- सभी संदिग्ध पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। जनता से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस जांच में पूरा सहयोग करें।

    घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा- दिल्ली में हुए धमाके की घटना अत्यंत हृदय विदारक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। केंद्र सरकार और एजेंसियां स्थिति पर सतत निगरानी रख रही हैं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

     रायपुर में सर्च ऑपरेशन और निगरानी बढ़ाई गई

    रायपुर एसएसपी लखन पटले ने बताया कि पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा- सभी पुलिस थानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थल, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

    बिलासपुर-दुर्ग और जगदलपुर में भी सघन जांच

    • बिलासपुर में पुलिस ने रेलवे स्टेशन, हाईकोर्ट, बस स्टैंड और होटलों में पैदल गश्त और जांच की।
    • दुर्ग और भिलाई में देर रात तक सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
    • जगदलपुर में बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया।

    डिजिटल मॉनिटरिंग टीम अलर्ट पर

    • राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी डीसीपी, एसपी और आईजी को आदेश दिए हैं कि
    • किसी भी भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
    • सोशल मीडिया टीमों को मॉनिटरिंग बढ़ाने और गलत सूचना पर फौरन रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
    • सभी जिलों में कमांड सेंटर से सीसीटीवी फीड की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts