छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार तय हो गया है। कल सुबह 10:30 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण होगा। भाजपा विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने पत्र जारी कर इसकी पुष्टि की है।
शपथ ग्रहण समारोह में तीन नए चेहरों को जगह मिलने की संभावना है। इनमें – गजेंद्र यादव (विधायक, दुर्ग), राजेश अग्रवाल (विधायक, अंबिकापुर), गुरु खुशवंत साहेब (विधायक, आरंग) शामिल हैं।
शनिवार को सीएम विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात की थी। वहीं, राज्यपाल ने भी मीडिया से कहा था कि ‘कुछ तो होने वाला है।’
दूसरी ओर, कांग्रेस पीसीसी चीफ दीपक बैज ने आरोप लगाया कि बीजेपी के तीन वरिष्ठ विधायकों ने इस्तीफे की धमकी दी थी। उनके मुताबिक, नए मंत्री बनते ही सरकार की ‘उलटी गिनती’ शुरू हो जाएगी।
सीएम विष्णुदेव साय 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर जाने वाले हैं। इसी वजह से उनके दौरे से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बीजेपी संगठन सूत्रों का कहना है कि नए मंत्रियों का चयन सामाजिक और भौगोलिक संतुलन को ध्यान में रखकर किया जाएगा। एक मंत्री सामान्य वर्ग से, दूसरा अनुसूचित जनजाति वर्ग से और तीसरा पिछड़ा वर्ग से हो सकता है। संभावना है कि नए चेहरे बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग से चुने जाएं।
पार्टी ने साफ किया है कि नए मंत्रियों की एंट्री होगी, लेकिन वर्तमान मंत्रियों के विभाग या पद में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि, पहले यह चर्चा थी कि लक्ष्मी राजवाड़े, दयालदास बघेल और टंकराम वर्मा को लेकर फेरबदल हो सकता है, लेकिन अब ऐसे संकेत नहीं दिख रहे हैं।