Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कार बनी आग का ताबूत, एक ही परिवार के तीन जिंदा जले

कार बनी आग का ताबूत, एक ही परिवार के तीन जिंदा जले
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बालाघाट। बैहर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। केवलारी चौक के पास अनियंत्रित होकर पलटी कार में आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस हादसे में एक 8 वर्षीय बच्ची चमत्कारिक रूप से बच गई।

    पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे की है। मलाजखंड रोड पर केवलारी चौक के समीप तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पलट गई। वाहन के पलटते ही उसमें आग लग गई, जो कुछ ही पलों में विकराल हो गई। कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

     

    हादसे में नगारची केलकर (65), सविता केलकर (28) और तीन वर्षीय अभि केलकर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए खिड़की के कांच तोड़कर 8 साल की पूर्वी राहांगडाले को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक सीतम केलकर (30) और उनकी मां नानाबाई केलकर (60) को भी गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तत्काल बैहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

    प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सीतम केलकर अपने गृह ग्राम पोंडी (परसवाड़ा) से पौनी लौट रहे थे, जहां उनकी वेल्डिंग की दुकान है। वे तीन दिन पहले परिवार के साथ पोंडी आए थे और शनिवार रात माता-पिता व अन्य परिजनों के साथ वापस जा रहे थे। कार में पड़ोस की बच्ची पूर्वी भी सवार थी, जो अपने घर लौट रही थी।

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल-112 पर वाहन में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ होगा।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts