Bilaspur News : मंदिर में पुजारी की बेरहमी से हत्या, खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

मंदिर में पुजारी की बेरहमी से हत्या, खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले से एक सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है। यहां एक मंदिर के पुजारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। रविवार सुबह जब पुजारी की मां रोज़ाना की तरह बेटे को चाय देने मंदिर पहुंची, तो उसने बेटे को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखा। शव के पास खून फैला हुआ था और शरीर पर गहरे घाव के निशान थे। पुलिस को शक है कि चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

    चाय देने पहुंची मां ने देखी बेटे की लाश

    यह दर्दनाक घटना तखतपुर थाना क्षेत्र के परसाकापा गांव की है। यहां के पाठ बाबा मंदिर में 30 वर्षीय पुजारी जागेश्वर पाठक उर्फ मोटू पूजा-पाठ करता था और मंदिर परिसर में ही रहता था। रविवार सुबह करीब 6 बजे उसकी मां रोज़ की तरह चाय लेकर मंदिर पहुंची, तो बेटे की लाश देखकर सन्न रह गई। उसने चीखते हुए ग्रामीणों को बुलाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

    शरीर पर धारदार हथियार के निशान

    पुजारी के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी धारदार हथियार से हत्या की गई है। पुलिस को घटनास्थल पर कुछ चप्पलें भी पड़ी मिलीं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि एक से अधिक लोग वारदात में शामिल थे। आरोपियों ने पुजारी का मोबाइल भी गायब कर दिया है।

    चोरी का विरोध हत्या की वजह?

    प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मंदिर में चोरी करने घुसे बदमाशों का सामना जब पुजारी से हुआ तो उसने विरोध किया होगा। इसी दौरान बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और भागते समय अपनी चप्पल भी वहीं छोड़ गए।

    पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी 

    सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts