Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बीजापुर में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 51 जिंदा बीजीएल समेत अन्य विस्फोटक और हथियार बरामद

बीजापुर में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 51 जिंदा बीजीएल समेत अन्य विस्फोटक और हथियार बरामद
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। नक्सल प्रभावित उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया है। सुरक्षा बलों ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए हैं, जिससे माओवादियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।

    सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता

    बता दें कि, बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला इलाके में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोबरा 206, केरिपु (CRPF) 229, 153 और 196 बटालियन की संयुक्त टीम ने 13 अक्टूबर को ताड़पाला बेस कैंप से एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान, दोपहर करीब तीन बजे सुरक्षा बलों की टीम को KGH Foothills इलाके के जंगल में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री मिली।

    Twitter Post

    भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद

    सर्च अभियान के दौरान, माओवादियों के ठिकाने से भारी मात्रा में युद्ध सामग्री बरामद की गई है। बरामद सामान में 51 जिंदा बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर), 100 बंडल एचटी एल्युमिनियम तार, 50 स्टील पाइप, 20 लोहे की शीट, 40 लोहे की प्लेट और भारी मात्रा में बिजली के तार शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह सामग्री बीजीएल के निर्माण में उपयोग की जाती है।

    इसके अलावा, माओवादियों द्वारा लगाए गए 5 प्रेशर आईईडी (Improvised Explosive Device) भी बरामद किए गए। बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) टीम ने मौके पर ही इन आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।

    माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम

    सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री और बीजीएल निर्माण उपकरण यह संकेत देते हैं कि माओवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सुरक्षा बलों की चौकसी और तुरंत कार्रवाई के कारण उनकी यह साजिश नाकाम कर दी गई है। इस सफल अभियान के बाद, क्षेत्र में सर्चिग और गश्त की कार्रवाई को और तेज कर दिया गया है। ताकि माओवादियों के ठिकानों का पूरी तरह से पता लगाकर उन्हें समाप्त किया जा सके।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts