बिहार राजनीति में बड़ा फैसला :JDU को मिला नया विधायक दल नेता, नीतीश कुमार ने लगाई मुहर

बिहार में जदयू ने बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार को विधायक दल का नेता चुना है। नीतीश कुमार की सहमति के बाद इस पर मुहर लगी। माना जा रहा है कि यह कदम पार्टी के सामाजिक संतुलन और नाराज नेताओं को साधने की रणनीति का हिस्सा है, जिससे राजनीतिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश की गई है।
JDU को मिला नया विधायक दल नेता, नीतीश कुमार ने लगाई मुहर

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया है। एक दिन पहले पार्टी की बैठक हुई थी, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने की थी। उस बैठक में नाम तय नहीं हो पाया था, लेकिन अब श्रवण कुमार के नाम पर आधिकारिक मुहर लग गई है।

विधानसभा सचिवालय ने दी आधिकारिक जानकारी

बिहार विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी पत्र में इस फैसले की पुष्टि की गई है। पत्र के मुताबिक, 21 अप्रैल 2026 को हुई प्रक्रिया के बाद श्रवण कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष को भी भेजी गई और फिर औपचारिक रूप से सभी संबंधित विभागों को सूचित किया गया।

क्यों चुने गए श्रवण कुमार?

सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में उपमुख्यमंत्री पद नहीं मिलने से श्रवण कुमार नाराज बताए जा रहे थे। पहले उनकी नाराजगी दूर करने के लिए उन्हें वाई प्लस सुरक्षा दी गई थी। अब विधायक दल का नेता बनाकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

ये भी पढ़ें: सियासत बिहार की : निशांत कुमार का इनकार...जनता दल यूनाइटेड के ये दो नेता बनेंगें बिहार के डिप्टी सीएम

सामाजिक संतुलन का संदेश

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फैसला सिर्फ एक पद देने का नहीं, बल्कि सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति है। जदयू की राजनीति ‘लव-कुश समीकरण’ पर आधारित मानी जाती है। श्रवण कुमार कुर्मी समुदाय से आते हैं, जो इस समीकरण का अहम हिस्सा है।

डिप्टी सीएम के फैसले से जुड़ा संतुलन

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उम्मीद थी कि कुर्मी समाज से किसी को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पार्टी ने विजय चौधरी (भूमिहार) और बिजेंद्र प्रसाद यादव (यादव) को उपमुख्यमंत्री बनाया। ऐसे में अब श्रवण कुमार को विधायक दल का नेता बनाकर सामाजिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है।

इस फैसले को आने वाले समय के लिए जदयू की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी अलग-अलग वर्गों और जातियों को साधकर अपना जनाधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts