पहले नेहा, अब रिया... बिहार में ट्रेन से शराब लाने वाली युवती गिरफ्तार, बैग से 14 हजार की शराब बरामद

बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब पटना में एक युवती को अबैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही रिया उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए शराब की खेप लेकर पटना पहुंची थी। पटना जंक्शन से बाहर निकलने के बाद वह बाइक से शराब लेकर जा रही थी, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके हैंड बैग और शोल्डर बैग से करीब 14 हजार रुपए कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पटना जंक्शन के पास पुलिस ने रोका
मामला पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। एएसपी लॉ एंड ऑर्डर कोतवाली पटना कृष्ण मुरारी प्रसाद के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना जंक्शन के आसपास अवैध शराब की खेप पहुंचने वाली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक से जा रही युवती और कुछ युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में युवती के हैंड बैग और शोल्डर बैग से करीब 14 हजार रुपए कीमत की अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस के मुताबिक, बैग में आधा दर्जन से ज्यादा ब्रांडेड शराब की बोतलें थीं।
बैग में मिली शराब, हिरासत में लेकर पूछताछ
बैग के अंदर शराब की बोतलें मिलने के बाद पुलिस ने रिया को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उससे पूछताछ की गई। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इस पूरे मामले में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
पैसे के लालच में शराब लाने का दावा
पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि उसके एक परिचित युवक ने उसे रुपये देने का लालच दिया था। उसी के कहने पर वह उत्तर प्रदेश गई थी और वहां से शराब लेकर ट्रेन के जरिए पटना पहुंची। युवती के मुताबिक, शराब की खेप पटना तक पहुंचाने के बदले उसे पैसे देने की बात कही गई थी। ट्रेन से पटना जंक्शन पहुंचने के बाद वह शराब से भरे बैग लेकर स्टेशन से बाहर निकली। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस अब उस युवक की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिसने कथित तौर पर रिया को शराब लाने के लिए तैयार किया था।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है रिया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवती पटना की रहने वाली है और एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती है। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। पूछताछ में रिया ने दावा किया कि वह इससे पहले शराब की तस्करी में शामिल नहीं रही है। उसके मुताबिक, पैसों के लालच में उसने पहली बार यह काम करने के लिए हामी भरी थी। फिलहाल पुलिस शराब की खेप के बारे में और जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि शराब किसे पहुंचाई जानी थी। इसके साथ ही युवती के संपर्क में रहे लोगों और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
शांति एक्सप्रेस में अशांति! चूहे-काकरोच ने घेरा कोच, यात्रियों को मिली गंदी चादर
इससे पहले समस्तीपुर में पकड़ी गई थी नेहा
इससे पहले समस्तीपुर में नेहा को शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, नेहा दिल्ली से एसी फर्स्ट कोच में ब्रांडेड शराब की बोतलें लेकर बिहार जा रही थी। उसके साथ उसका जीजा भी था। पुलिस के अनुसार, नेहा का पूरा परिवार शराब की तस्करी में शामिल है। वह डॉक्टरों और अमीर लोगों को शराब सप्लाई करती थी। अब पटना में रिया की गिरफ्तारी के बाद बिहार में शराब तस्करी के लिए युवतियों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।




















