भोपाल में टैंट कारोबारी की आत्महत्या, वीडियो में पत्नी और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

Follow on Google News
भोपाल में टैंट कारोबारी की आत्महत्या, वीडियो में पत्नी और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर इलाके में रहने वाले टेंट कारोबारी हिमांशु यादव (30) ने 11 अगस्त को अपने नरेला शंकरी स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब उसकी मौत के 18 दिन बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हिमांशु ने अपने इस कदम के लिए पत्नी वैशाली और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो के बाहर आने के बाद घटना ने नया मोड़ ले लिया है।

    सुसाइड वीडियो में पत्नी और ससुर जिम्मेदार

    वीडियो में हिमांशु ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा- मेरी मौत के लिए पत्नी वैशाली और ससुर रामलाल जिम्मेदार हैं। दोनों लगातार कॉल कर मुझे और मेरे पिता को एफआईआर दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं। कई बार समझाने के बावजूद वैशाली मायके से घर लौटने को तैयार नहीं है। मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना, मैं हमेशा के लिए जा रहा हूं।”

    Twitter Post

    पिता का आरोप-बहू ने बेटे को मजबूर किया

    मृतक के पिता राजकुमार यादव ने बताया कि 20-21 जुलाई की दरमियानी रात हिमांशु और पत्नी वैशाली के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद 21 जुलाई को वैशाली के पिता रामलाल और भाई घर आए और उसे मायके ले गए। राजकुमार ने कहा- कुछ दिन बाद बेटे ने पत्नी से वापस आने के लिए कहा, लेकिन उसने बात करना भी बंद कर दिया। फोन तक नहीं उठाती थी। बहू ने मेरे खुशहाल बेटे को जान देने पर मजबूर कर दिया।

    मां बोली- आए दिन करती थी बदसलूकी

    हिमांशु की मां ममता यादव ने बताया कि वैशाली शादी के कुछ समय बाद ही छोटे-छोटे घरेलू कामों को लेकर विवाद करने लगी थी। उन्होंने कहा- कई बार मुझसे भी बदसलूकी करती थी। जब हिमांशु समझाता तो उससे भी उलझ पड़ती थी। ऐसा लगता था कि वह हमारे घर रहना ही नहीं चाहती थी। आखिरकार उसी की प्रताड़ना ने बेटे की जान ले ली।

    ममता ने यह भी बताया कि वैशाली और हिमांशु की शादी 7 जून 2023 को अरेंज मैरिज के रूप में हुई थी, लेकिन वैशाली का व्यवहार शुरू से ही ठीक नहीं था।

     फोन पर रहस्यमयी व्यस्तता और विवाद

    हिमांशु के पिता राजकुमार ने बताया कि वैशाली अधिकांश समय अपने कमरे में बंद रहकर फोन पर व्यस्त रहती थी। इस बात को लेकर हिमांशु और वैशाली के बीच अक्सर विवाद होता था। राजकुमार के अनुसार, जब हिमांशु उसका फोन चेक करना चाहता था, तो वैशाली उसे फोन तक छूने नहीं देती थी। यह मुद्दा दोनों के बीच तनाव का प्रमुख कारण बन गया था। परिवार का कहना है कि वैशाली की इस हरकत ने हिमांशु को मानसिक रूप से परेशान कर दिया, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

    पुलिस की जांच जारी

    अयोध्या नगर थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने हिमांशु के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts