Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में लगातार बारिश का असर, बड़ा तालाब तेजी से भरने लगा, कलियासोत डैम का एक गेट टेस्टिंग के लिए खोला, शहर के निचले इलाकों में जलभराव

भोपाल में लगातार बारिश का असर, बड़ा तालाब तेजी से भरने लगा, कलियासोत डैम का एक गेट टेस्टिंग के लिए खोला, शहर के निचले इलाकों में जलभराव

भोपाल में इस मानसून सीजन की पहली मूसलधार बारिश का असर अब नजर आने लगा है। सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार सुबह तक हुई करीब 2 इंच बारिश के बाद कोलांस नदी अपने सामान्य बहाव से 1 फीट ऊपर बह रही है, जिससे शहर के बड़े तालाब में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है। मंगलवार सुबह तक जलस्तर 1661.05 फीट तक पहुंच गया, जो इसकी कुल क्षमता 1666.80 फीट से सिर्फ 5.80 फीट कम है।

Twitter Post

बड़ा तालाब भरने की ओर, भदभदा डैम खुलेगा

बारिश और कोलांस नदी के उफान के कारण बड़े तालाब में जलभराव तेजी से बढ़ रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जल्द ही भदभदा डैम के गेट खोले जाएंगे, जिससे अतिरिक्त पानी कलियासोत डैम तक पहुंचेगा। वहीं, बारिश की संभावना को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कलियासोत डैम का गेट टेस्टिंग के लिए खोला गया

मंगलवार दोपहर 12 बजे, कलियासोत डैम का एक गेट टेस्टिंग के लिए खोला गया। इससे पहले सायरन बजाकर अलर्ट जारी किया गया, ताकि आसपास के लोग सतर्क हो सकें। हालांकि यह सिर्फ टेस्टिंग थी, लेकिन यह इस सीजन में पहली बार था जब कलियासोत डैम का गेट खोला गया।

महापौर ने कंट्रोल रूम का लिया जायजा

महापौर मालती राय ने नगर निगम कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और प्राप्त शिकायतों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कहीं कोई गंभीर समस्या नहीं है। कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

 https://youtube.com/shorts/yjfg18sQQNU?si=1uOf-n-umgXEKnY4

शहर के कई इलाकों में जलभराव

रात की बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हमीदिया रोड, भारत टॉकीज से अल्पना तिराहा तक पानी भर गया। भोपाल रेलवे स्टेशन के पास यात्री पानी में से गुजरते नजर आए, वहीं कई इलाकों में ट्रैफिक धीमा रहा।

डैमों का वॉटर लेवल अपडेट

  • बड़ा तालाब: कुल क्षमता – 1666.80 फीट। वर्तमान – 1661.05 फीट। अब भी 5.80 फीट खाली
  • कोलार डैम: कुल क्षमता – 1516.40 फीट। वर्तमान – 1492.94 फीट। भारी खाली
  • केरवा डैम: कुल क्षमता – 1673 फीट। वर्तमान – 1654 फीट
  • कलियासोत डैम: कुल क्षमता – 1659.02 फीट। वर्तमान – 1649.93 फीट | 9 फीट खाली

सीहोर में तेज बारिश से कोलांस नदी उफान पर

भोपाल के कैचमेंट एरिया और सीहोर जिले में तेज बारिश होने से कोलांस नदी उफान पर है। इससे बड़ा तालाब और कोलार डैम में जल स्तर में तेजी देखी गई है। इछावर क्षेत्र में बारिश ने कोलार में पानी की आमद बढ़ा दी है, जिससे आने वाले दिनों में भोपाल को जल संकट से राहत मिल सकती है।

Twitter Post

मौसम विभाग ने दी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने मंगलवार को भोपाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार बारिश की गतिविधि धीमी रही, लेकिन अब अगस्त के पहले सप्ताह में जलस्रोतों के भरने की पूरी संभावना है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts