भोपाल में पुताई ठेकेदार ने फांसी लगाकर दी जान, जन्माष्टमी पूजा में गए थे परिजन, देर रात घर लौटी बेटी ने देखा पिता का शव

भोपाल में पुताई ठेकेदार ने फांसी लगाकर दी जान, जन्माष्टमी पूजा में गए थे परिजन, देर रात घर लौटी बेटी ने देखा पिता का शव
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राजधानी के भीम नगर इलाके में रहने वाले एक पुताई ठेकेदार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब परिजन पास ही जन्माष्टमी पूजा में शामिल होने गए हुए थे और वह घर पर अकेला था। देर रात घर लौटी बेटी ने पिता को फंदे पर लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

    चादर का फंदा बनाकर लटका

    पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान डालचंद यादव (40), पिता जुगल किशोर यादव निवासी भीम नगर छात्रावास के पीछे, के रूप में हुई है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात उसने घर में चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जन्माष्टमी पूजा से लौटकर घर आई बेटी ने सबसे पहले शव देखा और चाचा राकेश को जानकारी दी। राकेश मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारकर पुलिस को खबर दी।

    भाई के साथ की थी शराब पार्टी

    मृतक के भाई राकेश यादव ने बताया कि शनिवार को डालचंद को काम का पेमेंट मिला था। इसके बाद दोनों भाइयों ने एक साथ शराब पार्टी की। रात में शराब पीने के बाद दोनों घर लौटे थे। पड़ोस में जन्माष्टमी पूजा चल रही थी। इसी दौरान पत्नी और बच्चे पूजा में चले गए, जबकि डालचंद ने नहाने की बात कहकर बाथरूम का रुख किया और बाद में कमरे में जाकर फांसी लगा ली।

    बेटी ने सबसे पहले देखा शव

    रात करीब 12 बजे बेटी पूजा से लौटकर पिता को बुलाने कमरे में गई। वहां उसने पिता को फंदे पर लटका देखा। घबराकर उसने चाचा राकेश को आवाज दी। राकेश ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

    पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट

    पुलिस के अनुसार मृतक के कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। न ही उसने किसी परिजन या परिचित को कॉल अथवा मैसेज किया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

    पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार दोपहर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह, आर्थिक दबाव या अन्य कोई वजह थी।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts