Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार, 50 लाख का माल जब्त

भोपाल में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार, 50 लाख का माल जब्त
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। अयोध्यानगर पुलिस ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान सक्रिय एक बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना अयोध्यानगर जोन-2 पुलिस ने कॉल सेंटर पर दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 40 मोबाइल फोन, 80 सिम कार्ड, 177 एटीएम कार्ड, 5 लैपटॉप, 2 कार, केस काउंटिंग मशीन और 3.54 लाख रुपए नकद समेत करीब 50 लाख रुपए की सामग्री को जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खातों में जमा करीब 15 लाख रुपए भी फ्रीज कर दिए हैं। गिरोह के करोड़ों रुपए के लेनदेन का खुलासा हुआ है।

    इंस्टाग्राम-टेलीग्राम से सट्टे का खेल

    पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन गेमिंग पैनल हासिल कर सट्टा संचालित कर रहे थे। आरोपी 'रुद्र डायमंड' नाम की वेबसाइट और पैनल का इस्तेमाल कर देशभर के ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराते थे और क्रिकेट सहित अन्य खेलों पर ऑनलाइन बेटिंग करवाते थे। ग्राहक फर्जी बैंक खातों में पैसे जमा कराते थे, जिसके बदले उन्हें बेटिंग पॉइंट दिए जाते थे।

    Twitter Post

    कार और रेसिडेंशियल मल्टी से चलता था कॉल सेंटर

    गिरोह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार लोकेशन बदलता था। कभी कार में तो कभी शहर के रेसिडेंशियल मल्टी में सेटअप लगाकर ऑनलाइन सट्टा कराया जाता था। पुलिस ने पहले मीनाल क्षेत्र में कार से संचालित सट्टे का पर्दाफाश किया। वहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद भोजपुर रोड स्थित आरआरजी टाउनशिप मल्टी में बने कॉल सेंटर पर छापा मारा गया, जहां पांच अन्य आरोपी पकड़े गए।

    फर्जी अकाउंट और व्हाट्सऐप से ट्रांजेक्शन

    आरोपी फर्जी बैंक अकाउंट और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर लेन-देन करते थे। वे आपस में व्हाट्सऐप के जरिए ही संपर्क में रहते थे ताकि किसी की पहचान उजागर न हो सके। पुलिस को आरोपियों से एक रजिस्टर भी मिला है, जिसमें लगभग 1.5 करोड़ रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज है।

    जब्त सामग्री

    पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सामान बरामद किया, जिसमें शामिल हैं:

    • नकद 3.54 लाख रुपए
    • 2 कार (हुंडई अलकज़ार और आई-10)
    • 40 मोबाइल फोन
    • 80 सिम कार्ड
    • 177 एटीएम कार्ड
    • 5 लैपटॉप, वाई-फाई राउटर
    • 180 बैंक खातों की जानकारी
    • करेंसी काउंटिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
    • सट्टे के 1.5 करोड़ रुपए के हिसाब-किताब वाले रजिस्टर

    इसके अलावा लगभग 50 एटीएम कार्ड ब्लॉक कर उनमें जमा 15 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।

    गिरफ्तार आरोपी

    पुलिस ने इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को पकड़ा है, जो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से हैं-

    • अरुण वर्मा (28 वर्ष) – ग्राम कुशमी, थाना पलारी, जिला बालोदा बाजार (छत्तीसगढ़)
    • डिगेश्वर प्रसाद वर्मा (33 वर्ष) – ग्राम खैरी, थाना भाटापारा, जिला बालोदा बाजार (छत्तीसगढ़)
    • दिव्यांशु पवार (26 वर्ष) – चंदनगांव, छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश)
    • गोपी मणिकपुरी (23 वर्ष) – ग्राम तिल्ला, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
    • अंकित दास (23 वर्ष) – वार्ड 07, अमलई, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश)
    • तरुण वर्मा (24 वर्ष) – ग्राम तुलसी नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
    • सुनील वर्मा (35 वर्ष) – ग्राम पलारी, जिला बालोदा बाजार (छत्तीसगढ़)

    महादेव एप की तरह काम करता था रुद्र ऐप

    पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले से प्रतिबंधित महादेव एप की तर्ज पर तैयार “रुद्र डायमंड” पोर्टल का इस्तेमाल कर रहा था। इस पैनल के जरिए क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों पर बड़े स्तर पर ऑनलाइन बेटिंग करवाई जा रही थी।

    पुलिस की सतर्कता से टूटा नेटवर्क

    एशिया कप क्रिकेट के दौरान इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत डीसीपी विवेक सिंह, एडीसीपी गौतम सोलंकी और एसीपी मनीष भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।

    पुलिस ने आरोपियों पर धारा 4(क) सट्टा एक्ट और 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में और भी बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है। साथ ही, फर्जी खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच के लिए साइबर सेल को शामिल किया गया है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts