भोपाल में कलियासोत नदी किनारे डेयरी में मिले गोवंश के अवशेष, तीन गिरफ्तार; अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में कलियासोत नदी के पास स्थित एक डेयरी में गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने के बाद शुक्रवार सुबह हंगामा हो गया। पुलिस ने दामखेड़ा स्थित डेयरी पर कार्रवाई करते हुए संचालक गब्बर यादव, मुन्ना यादव और अनीस खान को गिरफ्तार किया है। घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल, नया भोपाल के कार्यकर्ताओं ने कोलार थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस और नगर निगम प्रशासन की मौजूदगी में नदी किनारे बनी डेयरी के अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।
सुबह 4 बजे मिली सूचना, पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे ग्राम दामखेड़ा स्थित गब्बर यादव की डेयरी में गोवंश के कटान की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिसर की तलाशी ली। इस दौरान वहां गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने अवशेष जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डेयरी संचालक गब्बर यादव सहित मुन्ना यादव और अनीस खान को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा सकें।
VHP और बजरंग दल ने कोलार थाने का किया घेराव
घटना की जानकारी फैलने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल, नया भोपाल के कार्यकर्ता सुबह करीब 6 बजे डेयरी पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कोलार थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने डेयरी को अवैध बताते हुए उसे हटाने, आरोपियों का जुलूस निकालने और क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने सहित तीन मांगें रखीं। पुलिस प्रशासन की ओर से जुलूस निकालने की मांग पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
ये भी पढ़ें: भोपाल से दिल्ली जाने वाले यात्री ध्यान दें! शान-ए-भोपाल समेत कई ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट
पुलिस-नगर निगम की मौजूदगी में ढहाई गई डेयरी
विरोध प्रदर्शन के बाद कोलार में कलियासोत नदी के किनारे बनी डेयरी के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस और नगर निगम प्रशासन की मौजूदगी में डेयरी के अवैध निर्माण को ढहा दिया गया। कार्यकर्ताओं ने मांग की थी कि नदी किनारे इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए और अवैध रूप से संचालित डेयरी को हटाया जाए।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार इस डेयरी के खिलाफ पहले भी नगर निगम की कार्रवाई होने की बात कही जा रही है। हालांकि इसके बाद दोबारा संचालन शुरू होने के आरोप भी सामने आए हैं। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
अन्य अवशेषों और संभावित सहयोगियों की जांच
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोवंश के अन्य अंग कहां ठिकाने लगाए गए और क्या उन्हें किसी को बेचा गया था। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जब्त अवशेषों की जांच और पूछताछ से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: इटारसी जंक्शन पर हंगामा, दिल्ली जा रहे CJP कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारा; छात्रा ने लगाए बदसलूकी के आरोप
संदेही के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आया
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनने की बात सामने आई है। इस दौरान एक संदेही के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के संबंध में आरोपों की पुष्टि और अन्य लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।




















