मुख्यमंत्री ने मानव रंगोली में बच्चों के साथ दिया विकसित भारत का संदेश

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण भारत विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और राष्ट्र के प्रति भावनाओं को प्रदर्शित किया।
भारत के नक्शे के रूप में बनाई मानव रंगोली
सीएम डॉ. मोहन यादव ने टीटी नगर स्टेडियम में गुब्बारे छोड़े
युवाओं ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराया
कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। विद्यार्थियों ने ‘वी विल डू इट’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। विद्यार्थी मुख्यमंत्री से हाथ मिलाने, उनका अभिवादन करने और आशीर्वाद लेने के लिए उत्साहित नजर आए।
एशियन गेम्स में खिलाड़ियों ने सिद्ध की उत्कृष्टता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्टता सिद्ध की। मध्यप्रदेश को इस प्रतियोगिता में कुल 11 पदक मिले हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतिभाशाली युवा ही भविष्य के भारत का नेतृत्व करेंगे : खंडेलवाल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने सुंदर रंगोलियां बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और सशक्त भारत के संकल्प का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवा ही भविष्य के भारत का नेतृत्व करेंगे। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: PM मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 साल, सेवा ज्योति यात्रा में बोले CM मोहन यादव-विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा भारत




















