भोपाल में सरेराह झगड़ा:बस स्टाफ-पुलिस की भिड़ंत, वर्दी फटने तक चली मारपीट

भोपाल के व्यस्त इलाके कोलार का डी-मार्ट चौराहा उस समय जंग का मैदान बन गया जब ट्रैफिक पुलिस और बस स्टाफ के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई हो गई। इस घटना में यूनिवर्सिटी की महिला कर्मचारी भी शामिल हो गईं और मारपीट के दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी तक फट गई।
ये भी पढ़ें: भोपाल: निगम में फर्जी ई-बिल घोटाले की जांच, लोकायुक्त जांच के बीच वित्त विभाग से हटे सेवतकर
बीच चौराहे पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कोलार थाना क्षेत्र में तैनात ट्रैफिक जवान अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान एक यूनिवर्सिटी बस के स्टाफ और चालक से किसी बात पर बहस हो गई। बस स्टाफ का आरोप है कि ट्रैफिक जवान ने उनके साथ बदतमीजी की और हाथ उठाया।
बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। बस स्टाफ ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: MP High Court: 13 साल के रिश्ते को रेप नहीं कहा जा सकता, सेना अधिकारी के खिलाफ दर्ज FIR रद्द
पुलिसकर्मी की वर्दी फटी, महिलाएं भी उलझीं
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मारपीट के दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी बुरी तरह फट गई। घटना के समय बस में सवार यूनिवर्सिटी की महिलाएं भी बाहर उतर आईं और पुलिस से भिड़ गईं। उन्होंने पुलिस पर पहले मारपीट करने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए।
यातायात प्रभावित, अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात
व्यस्त इलाके में हुई इस घटना की वजह से काफी देर तक ट्रेफिक बाधित रहा। हंगामा बढ़ता देख कोलार थाने का अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को काबू में किया और मारपीट में शामिल लोगों को थाने ले जाया।
दोनों पक्षों के दावे अलग
इस विवाद में दोनों पक्षों का दावा अलग है। पुलिस का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात जवान के साथ बस स्टाफ ने गुंडागर्दी की और कानून को हाथ में लिया। बस स्टाफ और यूनिवर्सिटी कर्मचारी का कहना है कि पुलिसकर्मी ने बेवजह परेशान किया और महिलाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार किया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि झगड़ा कितना उग्र था और कैसे महिलाएं भी इसमें शामिल हुईं।
जांच और आगे की कार्रवाई
भोपाल पुलिस अब इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर हमला करने के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











