इंदौर में बस्ती चलो अभियान : मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रेम नगर बस्ती में लोगों से की मुलाकात, रहवासियों से संवाद कर समस्याएं सुनीं

इंदौर। शहर में चलाए जा रहे "बस्ती चलो अभियान" के अंतर्गत राज्य के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक की प्रेम नगर बस्ती में पहुंचकर जनता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रहवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों के समाधान की जानकारी भी साझा की।
बाबा अंबेडकर जयंती पर जनसंपर्क का विशेष प्रयास
बता दें कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का यह दौरा भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर बाबा साहब अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। पार्टी द्वारा सभी नेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की बस्तियों में जाकर जनता से प्रत्यक्ष संपर्क करें, उनके बीच पार्टी के कार्यों की जानकारी दें और विपक्ष के प्रचार का जवाब जनजागरण से दें।
समस्याओं पर चर्चा, समाधान पर आश्वासन
प्रेम नगर बस्ती में मंत्री विजयवर्गीय ने रहवासियों से उनके दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बस्ती में लंबे समय से लंबित पत्ते देने की समस्या को अब सुलझा लिया गया है। इसके अलावा अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के समाधान भी क्षेत्रीय पार्षदों के माध्यम से सुनिश्चित किए गए हैं।












