Bangladesh Hindu Murder :बांग्लादेश में चुनाव से पहले हिंदू व्यापारी की हत्या, दुकान का शटर बंद कर उतारा मौत के घाट

बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव होने हैं, लेकिन इससे पहले हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। चुनाव से ठीक 48 घंटे पहले एक और हिंदू कारोबारी की हत्या कर दी गई।
मैमनसिंह जिले में हिंदू व्यापारी की हत्या
यह घटना मैमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला की है। यहां 62 वर्षीय सुशेन चंद्र सरकार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुशेन चंद्र सरकार त्रिशाल में एमएस. भाई-भाई एंटरप्राइजेज नाम से कारोबार करते थे।
दुकान का शटर बंद कर की गई हत्या
स्थानीय मीडिया और पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने बोगरा बाजार चौराहे पर सुशेन सरकार पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले के बाद आरोपियों ने दुकान का शटर बंद कर उन्हें अंदर ही छोड़ दिया और फरार हो गए।
कुछ देर बाद परिवार वालों ने दुकान खोली तो सुशेन सरकार खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उन्हें तुरंत मैमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार का आरोप- लाखों टका लूट ले गए बदमाश
मृतक के बेटे सुजान सरकार ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के बाद बदमाश दुकान से कई लाख बांग्लादेशी टका लूटकर ले गए। परिवार ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस बोली- धारदार हथियार से किया गया हमला
पुलिस के अनुसार, यह वारदात रात करीब 11 बजे हुई। बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या की और फिर दुकान बंद कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अंतरिम सरकार के बाद बढ़ी अल्पसंख्यकों पर हिंसा
बताया जा रहा है कि मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद से बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। इसको लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और कई मानवाधिकार संगठनों में नाराजगी भी देखी जा रही है।











