HC के फैसले के खिलाफ SC पहुंचे अरविंद केजरीवाल, फैसले को दी चुनौती; हाईकोर्ट ने एक दिन पहले गिरफ्तारी-रिमांड को सही ठहराया था

नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला केस में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत देने वाली याचिका खारिज कर दी और शराब नीति मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी-रिमांड को सही ठहराया। हाईकोर्ट से झटका मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने कहा कि, राहत पाने के लिए अरविंद केजरीवाल अब सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं।
HC ने रिमांड को सही ठहराया
दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार (9 अप्रैल) को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत देने वाली याचिका खारिज कर दी और शराब नीति मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी-रिमांड को सही ठहराया। हाईकोर्ट ने कहा- ED ने हमारे सामने पर्याप्त सबूत पेश किए। अपनी याचिका में केजरीवाल ने कहा था कि उनकी गिरफ्तारी PMLA (मनी लॉन्ड्रिंग कानून) की धारा-19 का उल्लंघन है। जिस पर जस्टिस स्वर्ण कान्त शर्मा ने कहा कि ईडी द्वारा जुटाए गए तथ्यों से पता चलता है कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की शराब नीति बनाने में आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची और इससे मिले पैसों का इस्तेमाल गोवा इलेक्शन में किया।रिमांड भी रखी बरकरार
हाईकोर्ट ने कहा कि, गिरफ्तारी सही या गलत, ये तय करना कोर्ट का काम है। ED द्वारा पेश सबूतों के मुताबिक, केजरीवाल घोटाले में शामिल हैं। पैसा गोवा भेजा गया था। ईडी ने हवाला डीलर और गवाहों के बयान पेश किए हैं। इनके आधार पर केजरीवाल की गिरफ्तारी गैरकानूनी नहीं है। वहीं, हाईकोर्ट ने सीएम को रिमांड में भेजने का फैसला भी बरकरार रखा है।राजनीति में क्या चल रहा है इससे हमें मतलब नहीं : कार्ट
कोर्ट ने कहा कि (दिल्ली के मुख्यमंत्री) केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया है और अदालत को चुनाव के समय की परवाह किए बिना कानून के अनुसार उनकी गिरफ्तारी और रिमांड की जांच करनी होगी। राजनीति में क्या चल रहा है इससे हमें मतलब नहीं है। ये केस केजरीवाल और केंद्र के बीच नहीं है बल्कि केजरीवाल और ईडी के बीच है।21 मार्च को गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल
ईडी ने लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें शुक्रवार (22 मार्च) को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने छह दिन की रिमांड दी। 28 मार्च को केजरीवाल की रिमांड अवधि खत्म हुई।











