Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायसेन में आक्रोश :ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे पर किया चक्काजाम

रायसेन के देवनगर में सड़क हादसे में युवक की मौत होने पर गुस्साए लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। अधिकारियों के समझाइश पर लोग सड़क से हटने को तैयार हुए।
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे पर किया चक्काजाम
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायसेन। गैरतगंज तहसील के देवनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय रहवासियों के बीच गुस्सा फूट पड़ा। घटना के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने थाने के सामने भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर साढ़े तीन घंटे तक चक्काजाम किया। परिजन और ग्रामीण आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज न होने से नाराज थे।

    बाइक पर सवार थे दो युवक

    दुर्घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे महलपुर पाठा के पास हुई। जहां बाबई गांव के दो युवक गोविंद 24 वर्ष और दीनू उम्र 20 वर्ष अपनी बाइक से महलपुर पाठा से अपने गांव लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के कारण गोविंद की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दीनू गंभीर रूप से घायल हो गया। दीनू को देहगांव अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायसेन रेफर किया गया है। टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर को महलपुर पाठा का ऋषभ पाल चला रहा था। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक ऋषभ पाल मौके से फरार हो गया।

    थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन

    शुक्रवार दोपहर तक आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने और गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित मृतक गोविंद के परिवार और ग्रामीणों ने दोपहर 12 बजे देहगांव थाने के सामने मृतक का शव रखकर भोपाल-सागर मुख्य सड़क मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ​चक्काजाम करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चला, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

    अधिकारियों की पहल पर खुला जाम

    ​चक्काजाम की सूचना एसडीएम सरोज अग्निवंशी, एसडीओपी आलोक कुमार श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार योगेश्वर भारतीय सहित स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाया और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि​ ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। चालक के परिजनों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है और ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है। मृतक के परिजनों को अंत्येष्टि के लिए सहायता राशि दी गई है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts