PlayBreaking News

75वां गणतंत्र दिवस : भोपाल में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने फहाराया तिरंगा, उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया झंडा वंदन; महाकाल की नगरी में ऐसा पहली बार

Follow on Google News
75वां गणतंत्र दिवस : भोपाल में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने फहाराया तिरंगा, उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया झंडा वंदन; महाकाल की नगरी में ऐसा पहली बार
भोपाल। देश आज 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रदेश की राजधानी भोपाल में राज्यस्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने लाल परेड मैदान में झंडा फहराया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में झंडा वंदन किया। ये पहला मौका है जब बाबा महाकाल की नगरी में किसी सीएम ने झंडा वंदन किया। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा तो उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 30 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और शेष 22 जिलों में कलेक्टर ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

भोपाल : राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण

राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। देखें VIDEO

उज्जैन : CM डॉ. मोहन ने किया झंडा वंदन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उज्जैन के दशहरा मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी।

CM का संबोधन

  • राज्‍य सरकार की पहल पर पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल हुए जिला पुलिस बैण्‍ड की धुन पर बजते देशभक्ति के तराने, देश के लिए जीने और देश के लिए मरने की प्रेरणा दे रहे हैं।
  • इस पावन अवसर पर मैं भारत माता की आज़ादी के लिए हंसते-हंसते सूली चढ़ने वाले अमर शहीदों के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
  • विश्‍व पटल पर भारत को सम्‍पूर्ण प्रभुत्‍व संपन्‍न लोकतंत्रात्‍मक गणराज्‍य के रूप में स्‍थापित करने में महती भूमिका निभाने वाले डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर एवं अन्‍य सभी संविधान निर्माताओं के प्रति हृदय से कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।
  • यह एक अद्भुत संयोग है कि राष्‍ट्र-पर्व के ठीक पहले राष्‍ट्र-गर्व के एक महान प्रसंग ने अयोध्‍या में स्‍वर्णिम अध्‍याय रच दिया है। विश्‍व हृदय सम्राट हमारे यशस्‍वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति में नव-निर्मित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम की भव्‍यातिभव्‍य प्राण प्रतिष्‍ठा से भारत में राम राज्‍य की संकल्‍पना जीवंत और जयवंत हो गई।
  • रोम-रोम में बसने वाले श्रीराम के स्‍वागत में घर-घर में दीवाली मनाई गई और मंदिर-मंदिर दीप जलाए गए, भजन-कीर्तन किए गए। काल के केन्‍द्र भगवान महाकालेश्‍वर की नगरी उज्‍जैन से 5 लाख लड्डू प्रसाद के रूप में मध्‍यप्रदेश की मिठास अयोध्‍या भेजी गई।
  • सभी जिलों में प्रभात फेरियां, कलश यात्राएं निकाली गईं, विशेष स्‍वच्‍छता अभियान चलाए गए। मंदिरों, पवित्र नदियों और जलाशयों में दीपदान किए गए। सभी शासकीय भवनों को रोशनी से जग-मग किया गया।
  • मध्‍य प्रदेश की धरती से होकर श्रीराम मंदिर प्रतिष्‍ठा समारोह में अयोध्‍या जाने वाले श्रद्धालुओं के जगह-जगह स्‍वागत-सत्‍कार में प्रदेशवासियों ने फूल और दिल दोनों बिछा दिए। प्रदेश के 28 पवित्र स्‍थानों पर श्रीरामचरित लीला समारोह आयोजित किए गए।
  • भारत की सांस्‍कृतिक और आध्‍यात्मिक परम्‍परा के केंद्र श्रीराम प्रभु के चरणों में विनयांजलि के रूप में राज्‍य सरकार ने श्रीराम वन गमन पथ के सभी प्रमुख स्‍थलों का विकास करते हुए चित्रकूट को विश्व-स्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन स्थल का स्‍वरूप प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसी प्रकार, ओरछा के श्रीराम राजा परिसर में सरकार श्रीराम राजा लोक के विकास का पुनीत कार्य कर रही है।
  • मुख्‍यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के माध्‍यम से प्रदेश के वरिष्‍ठ नागरिकों को हवाई मार्ग एवं रेल मार्ग से भगवान श्रीराम के पावन दर्शन हेतु अयोध्‍या की यात्रा कराई जाएगी।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की संकल्‍प-शक्ति से 140 करोड़ भारतवासियों की सदियों की प्रतीक्षा समाप्‍त हुई और एक नई आध्‍यात्मिक शक्ति का उदय हुआ है।
  • ‘विकसित भारत-संकल्‍प यात्रा’ वर्ष-2047 तक भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाने की मोदी जी की गारण्‍टी का प्रतीक बनकर उभरी है। यह यात्रा मोदी जी के मन और प्रदेश के जन-जन के बीच जीवंत संवाद का माध्‍यम बनी है।
  • मोदी जी की गारण्‍टी वाली गाड़ी गाँव-गाँव, नगर-नगर पहुँची और उन वंचितों की जिन्‍दगी बदलने का माध्‍यम बनी, जो अब तक सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए थे। मुझे यह कहते हुए खुशी है कि यात्रा के दौरान मध्‍य प्रदेश में 50 लाख से भी अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है।
  • गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्‍य सरकार 161 बंदियों को जेल से रिहा करने जा रही है। आज का दिन इन सभी कैदियों और उनके परिवारजनों के जीवन में खुशियों और आशाओं से भरी एक नई जिन्‍दगी की सुबह लेकर आया है।

सीएम ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीर शहीदों को याद करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा- विकास के अमृत काल में संवैधानिक मूल्यों के साथ रामराज्य की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश। समस्त प्रदेशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ये भी पढ़ें- खाकी वर्दी का गणतंत्र दिवस पर होगा सम्मान, MP के 26 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts